LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
02 Oct 2026
ब्रेकिंग

घाट पेंडारी में 238 किलो गांजा बरामद, ट्रक चालक गिरफ्तार

घाट पेंडारी में 238 किलो गांजा बरामद, ट्रक चालक गिरफ्तार
घाट पेंडारी में 238 किलो गांजा बरामद, ट्रक चालक गिरफ्तार। फोटो: आज का दिन न्यूज़

ट्रक पलटने के बाद गड्ढे में छिपाकर रखी गई थीं गांजे की 9 बोरियां, जब्त माल की कीमत करीब 1.19 करोड़ रुपये

सूरजपुर।

नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत चंदौरा पुलिस ने घाट पेंडारी में बड़ी कार्रवाई करते हुए 238 किलो 290 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 19 लाख रुपये है। मामले में पुलिस ने ट्रक चालक सुनील कुमार सिंह (32 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

ट्रक पलटने के बाद गड्ढे में छिपाई थी गांजे की खेप

पुलिस के मुताबिक 30 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रक क्रमांक यूपी 13 टी-5497 घाट पेंडारी में पलट गया है। ट्रक को क्रेन की मदद से हटाए जाने के बाद चालक और अन्य लोग मौके पर बिखरी प्लास्टिक दाने की बोरियों को समेट रहे थे। सूचना में यह भी बताया गया कि कुछ सामान सड़क से दूर एक गड्ढे में रखकर तिरपाल से ढंक दिया गया है और वहां किसी को जाने नहीं दिया जा रहा है।

सूचना मिलते ही चंदौरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वहां क्षतिग्रस्त ट्रक और प्लास्टिक दाने की बोरियां मिलीं, लेकिन चालक व अन्य लोग मौके पर मौजूद नहीं थे। संदेह के आधार पर पुलिस ने आसपास तलाश शुरू की। तलाशी के दौरान गड्ढे में तिरपाल से ढंककर रखी 9 बोरियां बरामद हुईं। जांच करने पर इन बोरियों में गांजा पाया गया।

प्लास्टिक दाने की 19 बोरियां भी जब्त

पुलिस ने गांजे के साथ ट्रक और उसमें लदी प्लास्टिक दाने की 19 बड़ी बोरियां भी जब्त की हैं। पूछताछ में गिरफ्तार ट्रक चालक सुनील कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि वह ओडिशा से प्लास्टिक दाने के साथ गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था।

ट्रक पलटने के बाद खेप छिपाने का आरोप

पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि ट्रक अलीगढ़ निवासी उसके साथी के नाम पर पंजीकृत है और दोनों इसे साझेदारी में चलाते थे। आरोपी के मुताबिक हाथरस निवासी एक चालक के माध्यम से ट्रक में गांजा लोड कराया गया था और वह गांजे की खेप लेकर लखनऊ जा रहा था।

29 सितंबर को घाट पेंडारी में ट्रक पलटने के बाद गांजे की बोरियों को निकालकर सड़क से दूर गड्ढे में छिपाया गया था। पुलिस ने बरामद गांजे को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह धुर्वे, प्रधान आरक्षक शैलेष सिंह, भगवत दयाल पैकरा सहित पुलिस टीम की भूमिका रही। मामले में पुलिस आगे की विवेचना कर रही है।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0