चिरमिरी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एमसीबी जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली। जिला चिकित्सालय चिरमिरी में अटल आरोग्य लैब एवं डेंटल यूनिट का शुभारंभ स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने फीता काटकर किया। नई सुविधाओं के शुरू होने से अब मरीजों को जिला अस्पताल में ही 136 प्रकार की जांचों के साथ दांत एवं मुंह से संबंधित बीमारियों के उपचार की सुविधा मिल सकेगी।
अटल आरोग्य लैब के शुरू होने से जिला चिकित्सालय में जांच सुविधाओं का दायरा काफी बढ़ गया है। इससे चिरमिरी सहित आसपास के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को विभिन्न जांचों के लिए निजी लैब या दूसरे शहरों का रुख करने की जरूरत कम होगी।
136 प्रकार की जांचों की सुविधा
अटल आरोग्य लैब में सामान्य जांचों के साथ कई महत्वपूर्ण जैव-रासायनिक, रक्त, हार्मोन, संक्रमण एवं अन्य जांचें उपलब्ध होंगी। इनमें CBC/हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, यूरिया, क्रिएटिनिन, लिवर फंक्शन टेस्ट, लिपिड प्रोफाइल, इलेक्ट्रोलाइट्स, T3, T4, TSH, ESR, HbA1c, डेंगू और मलेरिया संबंधी जांच सहित विभिन्न मूत्र एवं संक्रमण संबंधी जांचें शामिल हैं।

इन जांचों से मधुमेह, एनीमिया, किडनी और लिवर संबंधी बीमारियों, थायरॉयड की समस्या तथा विभिन्न संक्रमणों की पहचान में चिकित्सकों को मदद मिलेगी। समय पर जांच होने से बीमारी का प्रारंभिक स्तर पर पता लगाने और उपचार की दिशा तय करने में भी सुविधा होगी।
डेंटल यूनिट से दांतों की बीमारी का मिलेगा उपचार
अटल आरोग्य लैब के साथ जिला चिकित्सालय में डेंटल यूनिट की भी शुरुआत की गई है। अब दांत और मुंह से संबंधित समस्याओं के लिए मरीजों को जिला अस्पताल में ही चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
डेंटल यूनिट में दांतों में दर्द, कैविटी और दांतों की सड़न, मसूड़ों की बीमारी, दांतों से खून आना, दांतों की सफाई, संक्रमण, दांतों की संवेदनशीलता सहित अन्य सामान्य दंत समस्याओं की जांच एवं उपचार में सुविधा मिलेगी।
स्वास्थ्य मंत्री बोले—स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य सुविधाओं को केवल बड़े शहरों तक सीमित रखना नहीं, बल्कि जिला स्तर पर ही लोगों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक जांच सुविधाएं बीमारी की समय पर पहचान, सही उपचार और मरीजों के बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि नई सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ आम मरीजों तक पहुंचे और जांच एवं उपचार की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, “15 अगस्त को अंग्रेजों की गुलामी हटी थी, अब बीमारियों की गुलामी हटेगी।” उन्होंने कहा कि गरीब और जरूरतमंद मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्र के मरीजों को विशेष लाभ
चिरमिरी और आसपास के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों के लिए जिला चिकित्सालय में ही बड़ी संख्या में जांच और दंत चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध होना राहत की बात है। गंभीर या जटिल बीमारी की आशंका वाले मरीजों को प्रारंभिक स्तर पर आवश्यक जांच कराने में आसानी होगी, जिससे बीमारी की पहचान में देरी की संभावना कम होगी।
जिला अस्पताल में जांच सुविधाओं के विस्तार से मरीजों को बाहर जांच कराने में होने वाले अतिरिक्त खर्च और परेशानी से भी राहत मिलेगी। चिकित्सकीय परामर्श, पैथोलॉजी जांच और दंत चिकित्सा सुविधा एक ही स्थान पर मिलने से स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा मजबूत होगा।
ये रहे मौजूद
शुभारंभ कार्यक्रम में एमसीबी कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे, चिरमिरी महापौर राम नरेश राय, सभापति संतोष सिंह, डीपीएम शिशिर जायसवाल, अस्पताल अधीक्षक डॉ. राजेंद्र राय, बीएमओ डॉ. मनीष सिंह सहित भाजपा मंडल के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, अधिकारी-कर्मचारी एवं जिला चिकित्सालय का स्टाफ मौजूद रहा।
अटल आरोग्य लैब और डेंटल यूनिट की शुरुआत को चिरमिरी जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। 136 प्रकार की जांचों और दंत चिकित्सा सुविधा से एमसीबी जिले के मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।




पाठकों की टिप्पणियां 0