स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया भूमिपूजन, बोले– जिले में 125 सड़कों को मिली स्वीकृति
मनेंद्रगढ़। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत मुकुंदपुर-बालसोत्ता मार्ग पर 120 मीटर लंबे वृहद पुल का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना पर 5 करोड़ 22 लाख 8 हजार रुपये खर्च होंगे। बुधवार को प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने विधिवत भूमिपूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की।
पुल निर्माण से मुकुंदपुर, बालसोत्ता सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। विशेषकर बारिश के मौसम में रास्ते में होने वाली परेशानियों से लोगों को निजात मिलेगी। इसके साथ ही क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने फावड़ा चलाकर पुल निर्माण का भूमिपूजन किया। निर्माण कार्य की स्वीकृति और भूमिपूजन से क्षेत्र के ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत एमसीबी की अध्यक्ष श्रीमती यशवती सिंह ने की। विशिष्ट अतिथियों में जनपद पंचायत खड़गवां की अध्यक्ष श्रीमती श्याम बाई मरकाम, उपाध्यक्ष विरेंद्र सिंह करियाम, जिला पंचायत सदस्य रामजीत लकड़ा (भगत बाबू), जिला पंचायत सदस्य श्रीमती प्रिया मरकाम, मुकुंदपुर के सरपंच विजय सिंह तथा जनपद सदस्य श्रीमती सीतावती सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
भगत बाबू की छत्तीसगढ़ी लोक प्रस्तुति पर झूमे ग्रामीण
भूमिपूजन समारोह में विकास कार्यों के साथ छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति की भी शानदार झलक देखने को मिली। छत्तीसगढ़ी लोक कलाकार एवं जिला पंचायत सदस्य रामजीत लकड़ा (भगत बाबू) ने अपनी लोकगीतों की प्रस्तुति से ग्रामीणों का मन मोह लिया।
विशेष रूप से 'तुहर लईका, तुहर दुआरी, तुहर कमियां' गीत की धुन पर ग्रामीण झूम उठे। उनकी प्रस्तुति ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया और उपस्थित लोगों ने जमकर आनंद लिया।
जिले में 125 सड़कों को मिली स्वीकृति : मंत्री
भूमिपूजन के पश्चात आयोजित सम्मान समारोह में मंचासीन अतिथियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। आमसभा को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि जिले में 125 सड़कों के निर्माण को स्वीकृति मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुल-पुलिया और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है।
मंत्री ने पिछली कांग्रेस सरकार पर विकास कार्यों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को गति मिली है। उन्होंने कहा कि विधायक बनने के बाद से ही उन्होंने क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी है। विधानसभा का कोई ऐसा गांव नहीं होना चाहिए, जहां पक्की सड़क की सुविधा न हो। यदि किसी गांव में अभी भी पक्की सड़क नहीं पहुंची है तो ग्रामीण इसकी जानकारी दें, वहां सड़क पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सड़क और पुल जैसी सुविधाएं केवल आवागमन का साधन नहीं हैं, बल्कि इनके निर्माण से ग्रामीणों के जीवन में व्यापक बदलाव आता है। इससे बच्चों की शिक्षा, मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलता है।
किसानों और महिलाओं के हित में सरकार प्रतिबद्ध
सभा को संबोधित करते हुए मंत्री जायसवाल ने किसानों और महिलाओं के हित में प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के कल्याण और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है।
धान खरीदी और किसानों को मिलने वाली आर्थिक सहायता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उत्पादन में कमी आने की स्थिति में भी किसानों को आर्थिक नुकसान से बचाने के लिए अंतर की राशि बोनस के रूप में उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुल, बिजली, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। मुकुंदपुर-बालसोत्ता मार्ग पर बनने वाला 120 मीटर लंबा पुल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि पुल का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा होगा, जिससे वर्षों से आवागमन में आ रही परेशानियों से स्थायी राहत मिल सकेगी।




पाठकों की टिप्पणियां 0