LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
13 Nov 2026
ब्रेकिंग

सात किलोमीटर का सफर तय कर स्कूल पहुंचते हैं 18 बच्चे, कलेक्टर ने कछौड़ पहुंचकर जानी उनकी पढ़ाई की स्थिति

सात किलोमीटर का सफर तय कर स्कूल पहुंचते हैं 18 बच्चे, कलेक्टर ने कछौड़ पहुंचकर जानी उनकी पढ़ाई की स्थिति
सात किलोमीटर का सफर तय कर स्कूल पहुंचते हैं 18 बच्चे, कलेक्टर ने कछौड़ पहुंचकर जानी उनकी पढ़ाई की स्थिति। फोटो: आज का दिन न्यूज़

कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने किया प्राथमिक शाला का आकस्मिक निरीक्षण, बच्चों से पूछा भविष्य का लक्ष्य; नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर

मनेंद्रगढ़। दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को शिक्षा हासिल करने में किन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है, इसकी जानकारी लेने के लिए एमसीबी कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने प्राथमिक शाला कछौड़ का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेने के साथ बच्चों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर का विशेष ध्यान उन 18 विद्यार्थियों पर रहा, जो प्रतिदिन करीब सात किलोमीटर की दूरी तय कर विद्यालय पहुंचते हैं। उन्होंने बच्चों के आने-जाने की व्यवस्था, उनकी नियमित उपस्थिति और रास्ते में होने वाली संभावित परेशानियों के संबंध में जानकारी ली। दूरस्थ इलाकों से आने वाले विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान किसी तरह की कठिनाई न हो, इस पर भी ध्यान देने की जरूरत बताई।

बच्चों से पूछा—बड़े होकर क्या बनना चाहते हैं?

कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने बच्चों से आत्मीय बातचीत करते हुए उनकी पढ़ाई-लिखाई, विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं और भविष्य के सपनों के बारे में पूछा। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ने, नियमित रूप से स्कूल आने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करने की प्रेरणा दी।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उपस्थिति पर जोर

कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, पढ़ाई में प्रगति और उनकी जरूरतों पर विद्यालय स्तर पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि प्राथमिक शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार करती है। इसलिए पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर लिंगराज सिदार एवं एसडीएम इंदिरा मिश्रा उपस्थित रहीं।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0