अम्बिकापुर-निजामुद्दीन और अम्बिकापुर-जबलपुर ट्रेनों के दो मिनट ठहराव की भी मांग, चिरमिरी नई रेल लाइन का काम पूरा होने से क्षेत्र को मिलेगा लाभ
चिरमिरी। भाजपा नेता एवं चिरमिरी नगर पालिक निगम के पूर्व एल्डरमैन श्याम बाबू खटिक ने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेन्द्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल को पत्र लिखकर नागपुर रोड पैसेंजर हॉल्ट को स्टेशन का दर्जा दिलाने तथा प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।
श्याम बाबू खटिक ने अपने पत्र में कहा है कि स्वास्थ्य मंत्री के प्रयासों से नागपुर रोड पैसेंजर हॉल्ट से चिरमिरी नई रेल लाइन का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि भविष्य में अम्बिकापुर एवं अनूपपुर की ओर से आने वाली विभिन्न ट्रेनों के चिरमिरी से जुड़ने के बाद क्षेत्र में रेल सुविधाओं का विस्तार होगा।
सैकड़ों गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
खटिक ने पत्र में कहा कि रेल सुविधा के विस्तार से चिरमिरी के साथ-साथ खड़गवां, नागपुर, बरबसपुर, लाई समेत सैकड़ों गांवों के लोगों को लाभ मिल सकता है। इन क्षेत्रों के कई गांवों के लिए नागपुर पैसेंजर हॉल्ट, बैकुंठपुर रोड या बिजुरी की तुलना में अधिक सुविधाजनक स्थान बताया गया है।
उन्होंने पत्र में इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों का श्रेय स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को देते हुए रेल सुविधाओं को और मजबूत करने की मांग की है।
नागपुर हॉल्ट को स्टेशन का दर्जा देने की मांग
श्याम बाबू खटिक ने मांग की है कि नागपुर रोड पैसेंजर हॉल्ट से चिरमिरी-पाराडोल-मनेन्द्रगढ़ रेल रूट और न्यू चिरमिरी स्टेशन का कार्य पूरा होने तक नागपुर पैसेंजर हॉल्ट को स्टेशन का दर्जा दिया जाए।
इसके साथ ही उन्होंने अम्बिकापुर-निजामुद्दीन और अम्बिकापुर-जबलपुर ट्रेनों के अप एवं डाउन दोनों दिशाओं में दो मिनट के ठहराव की मांग की है।
उनका कहना है कि स्टेशन का दर्जा मिलने से विशेषकर देर रात आने-जाने वाले यात्रियों को स्टेशन पर सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने अम्बिकापुर-दुर्ग ट्रेन के यात्रियों के लिए भी बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध होने की बात कही है।
रीवा-चिरमिरी ट्रेन को प्रतिदिन चलाने की भी मांग
पूर्व एल्डरमैन ने स्वास्थ्य मंत्री से रीवा-चिरमिरी ट्रेन को प्रतिदिन संचालित करने, नागपुर पैसेंजर हॉल्ट से गुजरने वाली सभी ट्रेनों को ठहराव देने तथा नागपुर पैसेंजर हॉल्ट को स्टेशन का दर्जा दिलाने के लिए पहल करने का आग्रह किया है।
खटिक ने पत्र में कहा है कि क्षेत्र में केंद्र एवं राज्य स्तर पर भाजपा के जनप्रतिनिधि होने के कारण जनता को रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर उम्मीद है। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से क्षेत्र की इस मांग को प्राथमिकता से उठाने की अपील की है।




पाठकों की टिप्पणियां 0