LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
21 Nov 2026
ब्रेकिंग

किसानों के लिए जरूरी खबर: फसल नुकसान की सूचना 72 घंटे में दें, वरना अटक सकता है बीमा क्लेम!

किसानों के लिए जरूरी खबर: फसल नुकसान की सूचना 72 घंटे में दें, वरना अटक सकता है बीमा क्लेम!
किसानों के लिए जरूरी खबर: फसल नुकसान की सूचना 72 घंटे में दें, वरना अटक सकता है बीमा क्लेम!। फोटो: आज का दिन न्यूज़

अकवान चक्रवात से हुई असामयिक बारिश के बाद कृषि विभाग की एडवाइजरी जारी, व्हाट्सएप चैटबोट, पीएमएफबीवाई ऐप और टोल फ्री नंबर 14447 से दर्ज करा सकते हैं शिकायत

खलिहान में रखी धान की फसल को भी मिलेगा सुरक्षा प्रावधानों का लाभ, कटाई के बाद 14 दिनों तक लागू रहेगा नियम

मनेंद्रगढ़। अकवान चक्रवात के प्रभाव से हुई असामयिक बारिश को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों के लिए महत्वपूर्ण सलाह जारी की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) के तहत प्राकृतिक आपदा से फसल को नुकसान होने पर किसानों को इसकी सूचना 72 घंटे के भीतर दर्ज करानी होगी। निर्धारित समय-सीमा में सूचना नहीं देने पर बीमा दावा (क्लेम) प्राप्त करने में परेशानी हो सकती है।

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे फसल क्षति की स्थिति में बिना देरी किए बीमा कंपनी को इसकी जानकारी दें, ताकि नियमानुसार बीमा दावे की प्रक्रिया पूरी की जा सके।

व्हाट्सएप, मोबाइल ऐप या टोल फ्री नंबर से दर्ज कराएं शिकायत

फसल नुकसान की सूचना दर्ज कराने के लिए किसानों को कई माध्यम उपलब्ध कराए गए हैं। किसान व्हाट्सएप चैटबोट, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) ऐप अथवा कृषि रक्षक पोर्टल के टोल फ्री नंबर 14447 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

व्हाट्सएप चैटबोट के माध्यम से किसान अपनी क्षतिग्रस्त फसल की जियो-टैग फोटो अपलोड कर नुकसान की जानकारी दे सकते हैं। शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित बीमा कंपनी का सर्वेयर 10 दिनों के भीतर सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा।

कटाई के बाद 14 दिनों तक भी मिलेगा बीमा सुरक्षा का प्रावधान

कृषि विभाग के अनुसार, खेत या खलिहान में रखी धान की कटी हुई फसल (करपा) के लिए कटाई के बाद अधिकतम 14 दिनों तक बीमा सुरक्षा का प्रावधान लागू रहेगा।

वहीं, खड़ी फसल में जलभराव की स्थिति में बीमा दावे की गणना योजना के निर्धारित प्रावधानों के तहत फसल कटाई प्रयोग से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर की जाएगी।

शिकायत दर्ज कराने के लिए ये जानकारियां रखें तैयार

फसल नुकसान की सूचना दर्ज कराते समय किसानों को निम्नलिखित जानकारियां उपलब्ध रखनी होंगी:

1. किसान का नाम एवं मोबाइल नंबर।

2. ग्राम, तहसील एवं जिले का नाम।

3. खेत का खसरा नंबर।

4. बीमित फसल का नाम।

5. फसल बीमा पॉलिसी नंबर।

6. फसल नुकसान का विवरण।

7. नुकसान होने की तारीख।

इन जानकारियों के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया आसान होगी।

फसल नुकसान की फोटो और वीडियो भी रखें सुरक्षित

कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि अधिक नुकसान होने पर तत्काल संबंधित क्षेत्र के पटवारी एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को इसकी जानकारी दें। किसान अपनी खड़ी अथवा कटी हुई फसल के नुकसान की जियो-टैग फोटो और वीडियो भी सुरक्षित रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रमाण के रूप में प्रस्तुत किया जा सके।

इसके अलावा खलिहान में रखी धान की फसल को बारिश से बचाने के लिए पॉलिथीन से ढककर सुरक्षित स्थान पर रखने की व्यवस्था करें।

किसानों से समय पर सूचना देने की अपील

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि प्राकृतिक आपदा या असामयिक बारिश से फसल क्षति होने पर 72 घंटे की निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखें। समय पर सूचना दर्ज कराने से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पात्र किसानों को नियमानुसार बीमा दावा प्राप्त करने में सुविधा होगी।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0