40 पुरुष बंदियों ने सीखी कंप्यूटर की बारीकियां, 30 महिला बंदियों ने लिया ब्यूटी पार्लर एवं हेयर ड्रेसिंग का प्रशिक्षण
निश्चय कार्यक्रम के तहत बंदियों को हुनरमंद बनाकर रिहाई के बाद रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की पहल
रायपुर, 22 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में जेलों को केवल सजा काटने का स्थान नहीं, बल्कि सुधार और पुनर्वास का केंद्र बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी उद्देश्य से संचालित ‘निश्चय कार्यक्रम’ के तहत केंद्रीय जेल रायपुर में कौशल विकास प्रशिक्षण पूरा करने वाले 70 बंदियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इनमें 40 पुरुष बंदियों ने कंप्यूटर शिक्षा तथा 30 महिला बंदियों ने ब्यूटी पार्लर एवं हेयर ड्रेसिंग का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के जन शिक्षण संस्थान निदेशालय तथा छत्तीसगढ़ के जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं विभाग के संयुक्त तत्वावधान में यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया। पुरुष बंदियों को ‘कोर्स ऑन कंप्यूटर कॉन्सेप्ट’ और महिला बंदियों को ‘असिस्टेंट हेयर ड्रेसर (एडवांस)’ का प्रशिक्षण दिया गया।
कौशल विकास से बदलेगा बंदियों का भविष्य : हिमांशु गुप्ता
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ के महानिदेशक हिमांशु गुप्ता ने प्रशिक्षण पूरा करने वाले बंदियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि जेलों में बंदियों को शिक्षा, प्रशिक्षण और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना सुधारात्मक प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ‘निश्चय कार्यक्रम’ इसी दिशा में एक सार्थक पहल है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में कंप्यूटर का ज्ञान रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वहीं, महिला बंदियों को ब्यूटी पार्लर और हेयर ड्रेसिंग का प्रशिक्षण मिलने से वे रिहाई के बाद अपना व्यवसाय शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं।
महानिदेशक ने कहा कि कौशल विकास केवल रोजगार पाने का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे व्यक्ति में आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच भी विकसित होती है। इसका उद्देश्य बंदियों को उपयोगी हुनर प्रदान कर समाज की मुख्यधारा में सम्मानपूर्वक पुनर्स्थापित करना है।
शिक्षा और हुनर से खुलेंगे नए अवसर
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जन शिक्षण संस्थान रायपुर के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी ठाकुर राम सिंह ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले बंदियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा और कौशल विकास व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने के साथ जीवन में आगे बढ़ने की नई संभावनाएं भी प्रदान करते हैं। तकनीकी ज्ञान और व्यावसायिक दक्षता के माध्यम से बंदी भविष्य में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्राप्त कर सकेंगे।
जेलों को सुधार और पुनर्वास का केंद्र बनाने की पहल
उल्लेखनीय है कि ‘निश्चय कार्यक्रम’ के माध्यम से बंदियों को शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण से जोड़कर उनके व्यक्तित्व विकास, व्यवहार में सकारात्मक बदलाव तथा पुनर्वास को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस पहल से बंदियों को जेल में बिताए समय का रचनात्मक उपयोग करने और रिहाई के बाद सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर जीवन की शुरुआत करने का अवसर मिल रहा है।
कार्यक्रम में केंद्रीय जेल रायपुर के अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री, जन शिक्षण संस्थान रायपुर के निदेशक अतुल सिंह तथा नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन, नई दिल्ली के छत्तीसगढ़-झारखंड स्टेट एंगेजमेंट ऑफिसर वैभव अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




पाठकों की टिप्पणियां 0