LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
31 Aug 2026
ब्रेकिंग

महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिजों की नीलामी पर नवा रायपुर में आज रोड शो, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे मुख्य अतिथि।

महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिजों की नीलामी पर नवा रायपुर में आज रोड शो, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे मुख्य अतिथि।
महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिजों की नीलामी पर नवा रायपुर में आज रोड शो, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे मुख्य अतिथि।। फोटो: आज का दिन न्यूज़

क्रिटिकल मिनरल्स के 20 ब्लॉक्स की नीलामी पर होगा मंथन; टिन पोर्टल और ई-रेत सांगवारी पोर्टल का होगा शुभारंभ।

रायपुर, 31 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में खनिज क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने और महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक खनिज संसाधनों के प्रभावी दोहन की दिशा में आज नवा रायपुर में बड़ा आयोजन होने जा रहा है। भारत सरकार के खान मंत्रालय द्वारा क्रिटिकल एवं स्ट्रेटेजिक मिनरल ब्लॉक्स की नीलामी की 8वीं किश्त के संबंध में रोड शो का आयोजन मेफेयर लेक रिजॉर्ट, नवा रायपुर में किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू तथा केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

रोड शो में सीएमडीसी के अध्यक्ष सौरभ सिंह, छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव, खान मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, केंद्र एवं राज्य सरकार के अधिकारी, खनन क्षेत्र के विशेषज्ञ तथा उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

20 महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉक्स नीलामी के लिए

भारत सरकार ने क्रिटिकल एवं स्ट्रेटेजिक मिनरल्स की 8वीं किश्त के तहत 20 खनिज ब्लॉक्स को नीलामी के लिए रखा है। इनमें 3 माइनिंग लीज और 17 कंपोजिट लाइसेंस ब्लॉक्स शामिल हैं।

इन ब्लॉक्स में ग्रेफाइट, रेयर अर्थ एलिमेंट्स, रेयर मेटल्स, वैनेडियम, गैलियम, टाइटेनियम, मोलिब्डेनम और टंगस्टन सहित कई महत्वपूर्ण खनिज शामिल हैं।

ये खनिज देश की ऊर्जा सुरक्षा, आधुनिक तकनीक, औद्योगिक विकास और रणनीतिक आवश्यकताओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माने जाते हैं। रोड शो के माध्यम से इन खनिज ब्लॉक्स की संभावनाओं और निवेश के अवसरों से उद्योग जगत एवं संभावित निवेशकों को अवगत कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में उद्घाटन सत्र

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10:30 बजे पंजीयन एवं चाय के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। दोपहर 12 बजे मुख्य अतिथि के आगमन एवं दीप प्रज्ज्वलन के बाद वंदे मातरम् और राष्ट्रगान होगा।

इसके बाद छत्तीसगढ़ शासन के खनिज संसाधन विभाग के सचिव स्वागत उद्बोधन देंगे। खान मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव उद्घाटन उद्बोधन करेंगे। इसके बाद भारत सरकार के खान सचिव, छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव तथा छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष संबोधित करेंगे।

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे के संबोधन के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में अपना संबोधन देंगे।

टिन पोर्टल और ई-रेत सांगवारी पोर्टल का शुभारंभ

रोड शो के दौरान छत्तीसगढ़ के खनिज क्षेत्र को अधिक आधुनिक, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जाएगी। मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में टिन पोर्टल तथा ई-रेत सांगवारी पोर्टल का शुभारंभ प्रस्तावित है।

इस अवसर पर सीएमडीसी और इंडियन ओवरसीज बैंक के बीच एमओयू का आदान-प्रदान किया जाएगा। वहीं कोरन्डम कटिंग एवं पॉलिशिंग प्रशिक्षण के लिए पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के साथ भी एमओयू किया जाएगा।

कार्यक्रम में माइनर मिनरल्स पर प्रकाशित पुस्तक का विमोचन तथा तीन लाइमस्टोन माइनिंग लीज ब्लॉक्स के लिए एनआईटी जारी करने की प्रक्रिया भी प्रस्तावित है।

निवेश और नीलामी प्रक्रिया पर तकनीकी सत्र

दोपहर 2 बजे से तकनीकी सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें खनिज ब्लॉक्स की नीलामी, निवेश और अन्वेषण से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा।

मिनरल एक्सप्लोरेशन एंड कंसल्टेंसी लिमिटेड द्वारा नीलामी के लिए प्रस्तावित खनिज ब्लॉक्स की जानकारी दी जाएगी। एसबीआई कैप्स द्वारा मिनरल ऑक्शन प्रोसेस एवं टेंडर डॉक्यूमेंट और एमएसटीसी द्वारा मिनरल ई-ऑक्शन प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।

इसके अलावा कंपोजिट लाइसेंस धारकों के लिए अन्वेषण व्यय की आंशिक प्रतिपूर्ति से संबंधित एनएमईडीटी योजना पर भी प्रस्तुतीकरण होगा।

तकनीकी सत्र के बाद ओपन हाउस डिस्कशन आयोजित किया जाएगा, जिसमें उद्योग प्रतिनिधि, निवेशक और विशेषज्ञ नीलामी प्रक्रिया, खनिज संसाधनों की संभावनाओं तथा निवेश के अवसरों पर चर्चा करेंगे।

नीलाम किए गए खनिज ब्लॉक्स के संचालन की होगी समीक्षा

रोड शो के बाद समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें पहले से नीलाम किए गए प्रमुख खनिज ब्लॉक्स के ऑपरेशनलाइजेशन और संचालन की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।

खनन परियोजनाओं को तेजी से शुरू करने तथा केंद्र और राज्य स्तर पर आवश्यक समन्वय को लेकर भी चर्चा होगी। इसके बाद माइन विजिट प्रस्तावित है।

खनिज क्षेत्र में निवेश को मिलेगी नई दिशा

यह रोड शो छत्तीसगढ़ सहित देश में महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक खनिजों के अन्वेषण, नीलामी और खनन को गति देने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।

केंद्र एवं राज्य सरकार, उद्योग जगत, निवेशकों और खनन क्षेत्र के विशेषज्ञों के बीच बेहतर समन्वय से राज्य के खनिज संसाधनों में निवेश की नई संभावनाएं खुलने की उम्मीद है। साथ ही तकनीक आधारित पोर्टल और पारदर्शी नीलामी प्रक्रिया से खनिज क्षेत्र के कामकाज को अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने पर भी जोर रहेगा।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Advertisement
15-augstslides11
15-augstslides10
15-augstslides9
15-augstslides8
15-augstslides7
15-augstslides6
15-augstslides5
15-augstslides1
15-augstslides
Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0