LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
09 Sep 2026
ब्रेकिंग

नेपाल में बाढ़-भूस्खलन से हाहाकार, छत्तीसगढ़ के 2 नागरिक अब भी लापता; 5 सुरक्षित लौट रहे, मुख्यमंत्री के निर्देश पर सरकार ने बढ़ाई निगरानी

नेपाल में बाढ़-भूस्खलन से हाहाकार, छत्तीसगढ़ के 2 नागरिक अब भी लापता; 5 सुरक्षित लौट रहे, मुख्यमंत्री के निर्देश पर सरकार ने बढ़ाई निगरानी
नेपाल में बाढ़-भूस्खलन से हाहाकार, छत्तीसगढ़ के 2 नागरिक अब भी लापता; 5 सुरक्षित लौट रहे, मुख्यमंत्री के निर्देश पर सरकार ने बढ़ाई निगरानी। फोटो: आज का दिन न्यूज़

रायपुर, 28 अगस्त 2026। नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से बने गंभीर हालात के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने नेपाल गए प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर निगरानी और राहत प्रयास तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर राज्य सरकार नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों की लगातार जानकारी जुटाने के साथ नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों से समन्वय कर रही है।

अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक छत्तीसगढ़ से जुड़े 9 नागरिकों की स्थिति के संबंध में जानकारी मिली है। इनमें दो नागरिकों के परिजनों से संपर्क स्थापित हो चुका है, जबकि रायपुर के पांच नागरिकों के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है और वे रायपुर लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं। वहीं बिलासपुर की प्रियंका चौधरी और सुरगुजा की डॉ. मीना गुप्ता अब भी लापता हैं।

मोनिका यादव के परिजनों से संपर्क

रायपुर के महादेव घाट निवासी मोनिका यादव 22 अगस्त को नेपाल गई थीं। नेपाल में बाढ़ के बाद उनके लापता होने और संपर्क टूटने की सूचना सामने आई थी। प्रशासन के अनुसार मोनिका यादव के परिजनों से संपर्क स्थापित हो चुका है। उनकी स्थिति के संबंध में संबंधित स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है।

मंजू राय चौधरी की भी मिली जानकारी

बिलासपुर की 65 वर्षीय मंजू राय चौधरी कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गई थीं। उनके संबंध में भी परिजनों से संपर्क स्थापित हो चुका है। प्रशासन उपलब्ध सूचनाओं का सत्यापन करने के साथ आवश्यक समन्वय कर रहा है।

प्रियंका चौधरी और डॉ. मीना गुप्ता की तलाश जारी

बिलासपुर निवासी 39 वर्षीय प्रियंका चौधरी के नेपाल में लापता होने की सूचना है। वह फिनलैंड की नागरिक हैं। उनके परिजनों से प्राप्त जानकारी के आधार पर प्रशासन संबंधित एजेंसियों के संपर्क में है। उनकी सुरक्षित तलाश के लिए प्रयास जारी हैं।

वहीं सुरगुजा निवासी डॉ. मीना गुप्ता भी नेपाल में लापता हैं। वह यूनाइटेड किंगडम की नागरिक हैं। उनका अंतिम ज्ञात स्थान रसुवागढ़ी इमिग्रेशन कार्यालय, नेपाल-चीन सीमा बताया गया है। उनकी स्थिति की जानकारी जुटाने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।

रायपुर के पांच नागरिक सुरक्षित

रायपुर के माना क्षेत्र निवासी दिनेश ओझा, प्रेम सिंह जगत, नारायण सेन, यतेंद्र प्रकाशी और दिनेश सिंह ठाकुर के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है। पांचों नागरिक 21 अगस्त को नेपाल गए थे और अब रायपुर लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं।

हर सूचना पर सरकार की नजर

नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन की गंभीर स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को सक्रिय रखा है। नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों की जानकारी लगातार जुटाई जा रही है तथा उनके परिजनों को भी आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।

राज्य सरकार नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में है, ताकि लापता नागरिकों के संबंध में जल्द से जल्द विश्वसनीय जानकारी प्राप्त की जा सके और जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्यों में आवश्यक सहयोग दिया जा सके।

सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि नेपाल गए छत्तीसगढ़ के किसी नागरिक के संबंध में कोई जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित नागरिकों और उनके परिवारों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

हेल्पलाइन नंबर

टोल फ्री हेल्पलाइन: 1070
कंट्रोल रूम: 0771-2223471

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0