पीएम आवास और बालिका शौचालय निर्माण में तेजी लाने कहा
कोरिया 06 अक्टूबर 2026
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने विभिन्न विभागों के कार्यों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने तथा हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि किसानों को रकबे में कमी, खसरे छूटने अथवा फसल प्रविष्टि में त्रुटि जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और समिति प्रबंधकों को पंजीयन, एग्रीस्टैक और फसल मैपिंग का कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष पंजीकृत प्रत्येक किसान के सभी खसरों, फसलों और रकबे का एग्रीस्टैक में मिलान किया जाए। समिति प्रबंधक किसानों से संपर्क कर ऑपरेटरों के माध्यम से बी-1 में दर्ज खसरे एवं फसल की जांच कराएं। किसी भी पंजीकृत किसान का एक भी खसरा छूटना नहीं चाहिए। तहसीलदार एवं एसडीएम तहसीलवार और समितिवार प्रगति की नियमित समीक्षा करें। वनपट्टाधारी, डुबान, शासकीय भूमि एवं शासकीय पट्टाधारी किसानों के प्रकरणों पर विशेष ध्यान देते हुए भूमि विवरण, खसरे तथा अक्षांश-देशांतर की प्रविष्टियां पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।
अपार आईडी का कार्य तेज करने के निर्देश
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को अपार आईडी के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों का नियमित निरीक्षण कर विद्यार्थियों की पढ़ाई की स्थिति की जानकारी लें। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
पीएम आवास के अधूरे कार्यों को जल्द पूरा कराएं
कलेक्टर ने जनपद पंचायत बैकुंठपुर और सोनहत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों से प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृत आवासों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अप्रारंभ कार्यों को तत्काल शुरू कराने तथा अधूरे आवासों को पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद सीईओ गांवों में जाकर कार्यों का मूल्यांकन करें और हितग्राहियों, सरपंच एवं पंचायत सचिवों से समन्वय कर आवासों को समय पर पूर्ण कराएं।
दोनों जनपदों में स्वीकृत बालिका शौचालय निर्माण कार्यों में देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने तय समय-सीमा में कार्य प्रारंभ कर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। आरईएस के अधिकारियों को निर्माणाधीन कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने और समय पर कार्य पूर्ण कराने कहा गया।
छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करें
कलेक्टर ने आदिम जाति विकास विभाग के अधिकारी को जिले के सभी छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करने तथा विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती यादव ने सभी अधिकारियों को सेवा सेतु शिविर एवं जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का समुचित परीक्षण कर प्राथमिकता के साथ निराकरण करने कहा।
प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना का करें व्यापक प्रचार
प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए कलेक्टर ने एनआरएलएम और बिजली विभाग को समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को केन्द्र एवं राज्य शासन द्वारा दी जा रही सब्सिडी तथा सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने से होने वाले लाभ की जानकारी दी जाए।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की नल-जल योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री योगेंद्र श्रीवास, अपर कलेक्टर श्री डी.डी. मंडावी सहित विभिन्न जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




पाठकों की टिप्पणियां 0