LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
07 Oct 2026
ब्रेकिंग

खड़गवां के गांवों में सड़क से लेकर सरकारी योजनाओं तक पहुंच मजबूत: मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल

खड़गवां के गांवों में सड़क से लेकर सरकारी योजनाओं तक पहुंच मजबूत: मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल
खड़गवां के गांवों में सड़क से लेकर सरकारी योजनाओं तक पहुंच मजबूत: मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल। फोटो: आज का दिन न्यूज़

सेवा सेतु अभियान में बोले मंत्री-खड़गवां का कोई गांव ऐसा नहीं जहां डामरीकृत सड़क न हो”; जिले में पहली बार कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने के लिए विशेष शिविर

चिरमिरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत खड़गवां जनपद पंचायत में सेवा सेतु अभियान का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के करीब 16 स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं से संबंधित जानकारी एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर एमसीबी कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंकिता सोम, पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह, एसडीएम विजेंद्र सिंह सारथी, तहसीलदार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्यामा बाई, जनपद उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह करियाम सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

सरकार और जनता के बीच ‘सेवा सेतु’ बनने का संदेश

कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वंदना से हुई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य सरकार की योजनाओं और ग्रामीणों के बीच सेतु बनकर पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक सेवा काल के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत ग्रामीणों को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने से लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए शिविर लगाए जा रहे हैं।

जिले में पहली बार कृत्रिम अंग के लिए शिविर

मंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में पहली बार कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने के लिए शिविर लगाए जा रहे हैं। इसके लिए राजस्थान से आई एलिम्को (ALIMCO) की टीम अलग-अलग समय पर अपनी सेवाएं दे रही है।

इसके अलावा हार्टिकल्चर विभाग द्वारा ग्रामीणों को फल एवं सब्जियों के बीज भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। विभिन्न विभागों के स्टॉल के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी और सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

महतारी वंदन, किसान सम्मान और पीडीएस योजनाओं का किया उल्लेख

श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने संबोधन में सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को मिलने वाली सहायता राहत प्रदान कर रही है, जबकि महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योजना है।

उन्होंने कहा कि जिन पात्र महिलाओं के नाम महतारी वंदन योजना में छूट गए हैं, उनके लिए जल्द ही सरकारी पोर्टल खुलने की जानकारी दी गई है। उन्होंने ऐसी महिलाओं से अपना नाम जुड़वाने की अपील की।

मंत्री ने किसानों को धान के समर्थन मूल्य के साथ सरकार द्वारा दी जा रही राशि, सार्वजनिक वितरण प्रणाली और अन्य योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य गरीब, किसान, महिला और युवा वर्ग को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से मजबूत बनाना है।

स्वास्थ्य शिविर में जांच कराने की अपील

स्वास्थ्य मंत्री ने ग्रामीणों से शिविर में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी बीमारी से संबंधित परेशानी होने पर ग्रामीण स्वास्थ्य परीक्षण कराएं। उन्होंने जरूरतमंद मरीजों को उपचार उपलब्ध कराने के लिए सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ लेने की बात कही।

बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरस्वती साइकिल योजना का भी उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य बेटियों को स्कूल तक पहुंचने में आने वाली कठिनाइयों को कम करना है।

खड़गवां में ऐसा कोई गांव नहीं जहां डामरीकृत सड़क न हो

कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने क्षेत्र में सड़क और बुनियादी सुविधाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि खड़गवां जनपद में ऐसा कोई गांव नहीं है, जहां डामरीकृत सड़क न हो। उन्होंने कहा कि यदि किसी गांव में सड़क की समस्या है तो ग्रामीण इसकी जानकारी दें, उसे स्वीकृत कराने की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने प्रत्येक ग्राम पंचायत में महिलाओं को प्रशिक्षण और स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से बनाए जा रहे महतारी सदन का भी उल्लेख किया।

महतारी सदन से महिलाओं को मिल रहा प्रशिक्षण

मंत्री ने पैनारी के सरपंच से महतारी सदन से महिलाओं को मिल रहे लाभ की जानकारी ली। सरपंच ने बताया कि वहां करीब 80 से 85 महिलाएं सिलाई का प्रशिक्षण ले रही हैं।

वहीं देवाडांड की महिला सरपंच ने बताया कि उनके यहां महिलाएं विभिन्न गतिविधियों एवं चर्चाओं के लिए महतारी सदन में एकत्रित होती हैं।

हितग्राहियों को वितरित किए गए कार्ड, चेक और किट

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न विभागों द्वारा चयनित हितग्राहियों को मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के हाथों किट, चेक और विभिन्न कार्ड वितरित किए गए।

इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री द्वारिका जायसवाल, भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष राम प्रताप गुप्ता, खड़गवां सरपंच, मंडल अध्यक्ष धर्मपाल सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष रामलाल साहू सहित जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0