LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
07 Oct 2026
ब्रेकिंग

एमसीबी के दूरस्थ गांवों को मिली नई रफ्तार, 4 बसों से आसान हुआ ग्रामीणों का सफर

एमसीबी के दूरस्थ गांवों को मिली नई रफ्तार, 4 बसों से आसान हुआ ग्रामीणों का सफर
एमसीबी के दूरस्थ गांवों को मिली नई रफ्तार, 4 बसों से आसान हुआ ग्रामीणों का सफर। फोटो: आज का दिन न्यूज़

मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना से विद्यार्थियों, किसानों, श्रमिकों और छोटे व्यापारियों को राहत, समय और परिवहन खर्च में हो रही बचत

मनेन्द्रगढ़। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सुविधा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। योजना के अंतर्गत जिले में 4 बसों का संचालन किया जा रहा है। इन बस सेवाओं से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सुगम, सुरक्षित और किफायती आवागमन की सुविधा मिल रही है।

जिला परिवहन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण मार्गों पर इन बसों का संचालन किया जा रहा है। इनमें चंवारीडांड-बैकुंठपुर, कचोहर-मनेन्द्रगढ़, जनकपुर-बड़वाही और जनकपुर-मलकडोल प्रमुख मार्ग शामिल हैं।

नियमित बस सेवा उपलब्ध होने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की निजी वाहनों अथवा महंगे परिवहन साधनों पर निर्भरता कम हुई है। इससे रोजमर्रा के आवागमन में सुविधा के साथ समय और खर्च की भी बचत हो रही है।

विद्यार्थियों, किसानों और श्रमिकों को विशेष लाभ

मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना का सीधा लाभ विद्यार्थियों, किसानों, श्रमिकों और छोटे व्यापारियों को मिल रहा है। विद्यार्थी कम खर्च में स्कूल एवं कॉलेज तक पहुंच पा रहे हैं। किसानों के लिए बाजार तक पहुंच आसान हुई है, जबकि श्रमिकों को रोजगार के स्थान तक आने-जाने में सुविधा मिल रही है।

वहीं, छोटे व्यापारियों के लिए आवागमन सुगम होने से ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना भी बढ़ी है। नियमित और किफायती परिवहन सुविधा से ग्रामीणों की दैनिक दिनचर्या अधिक सुविधाजनक हुई है।

मरीजों और परिजनों के लिए अस्पताल पहुंचना हुआ आसान

ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सुविधा बेहतर होने का लाभ स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच में भी दिखाई दे रहा है। मरीजों और उनके परिजनों के लिए अस्पताल एवं स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचना पहले की अपेक्षा आसान हुआ है।

कम समय और कम खर्च में स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंच संभव होने से जरूरतमंद लोगों को समय पर उपचार प्राप्त करने में मदद मिल रही है।

ग्रामीण विकास को मिल रही नई गति

मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना केवल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण क्षेत्रों के सामाजिक और आर्थिक विकास में भी सहायक बन रही है। बेहतर आवागमन से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार से जुड़े अवसरों तक ग्रामीणों की पहुंच बढ़ रही है।

एमसीबी जिले के दूरस्थ गांवों में संचालित ये बस सेवाएं ग्रामीणों के लिए सुविधा, राहत और आर्थिक बचत का माध्यम बन रही हैं। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के माध्यम से ग्रामीण अंचलों को बेहतर परिवहन नेटवर्क से जोड़ने की पहल जिले के समावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0