बीएलओ घर-घर पहुंचकर करेंगे पात्र नागरिकों का सत्यापन, पात्रता के अनुसार फॉर्म-6 भरवाकर जोड़ा जाएगा मतदाता सूची में नाम
मनेन्द्रगढ़। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशों के अनुपालन में मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में छूटे हुए एवं नए पात्र युवा मतदाताओं के पंजीयन के लिए 5 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य ऐसे पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना है, जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है।
17 वर्ष या उससे अधिक आयु के युवाओं का जुटाया जाएगा विवरण
विशेष अभियान के तहत 17 वर्ष या उससे अधिक आयु पूर्ण कर चुके युवाओं तथा 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवाओं के मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया को सुगम बनाया जाएगा।
इसके लिए बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अपने-अपने मतदान केंद्र क्षेत्र में घर-घर पहुंचकर पात्र नागरिकों का सत्यापन करेंगे। इस दौरान मतदाता सूची के निरंतर अद्यतनीकरण के तहत पात्र नागरिकों की जानकारी संकलित की जाएगी। पात्रता पाए जाने पर आवश्यकतानुसार फॉर्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल-कॉलेजों में भी चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
अभियान के दौरान जिले के सभी स्कूलों एवं महाविद्यालयों में गठित निर्वाचक साक्षरता क्लब (Electoral Literacy Club) के माध्यम से पात्र विद्यार्थियों को मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।
पात्र विद्यार्थियों से आवश्यकतानुसार फॉर्म-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा स्कूल-कॉलेजों के निर्वाचक साक्षरता क्लब के नोडल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।
विशेष गहन पुनरीक्षण में अनुपस्थित मिले मतदाताओं से भी होगा संपर्क
विशेष अभियान के अंतर्गत जिले के सभी बूथ लेवल अधिकारी उन मतदाताओं से भी दोबारा संपर्क करेंगे, जो विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान अपने निवास स्थान पर अनुपस्थित पाए गए थे।
ऐसे पात्र मतदाताओं से संपर्क कर उनकी पात्रता संबंधी जानकारी प्राप्त की जाएगी तथा आवश्यकतानुसार फॉर्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।
ऑनलाइन भी कर सकते हैं मतदाता पंजीयन
जिला प्रशासन ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाते हुए मतदाता सूची में अपना पंजीयन अवश्य सुनिश्चित करें।
पात्र नागरिक ECINET मोबाइल ऐप अथवा भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in के माध्यम से फॉर्म-6 ऑनलाइन भरकर मतदाता सूची में अपना नाम जोड़ने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने विशेष रूप से नए एवं युवा पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के दौरान पंजीयन प्रक्रिया पूरी कर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएं और अपने लोकतांत्रिक अधिकार के प्रति जागरूक नागरिक के रूप में सहभागिता सुनिश्चित करें।




पाठकों की टिप्पणियां 0