बच्चों ने बुजुर्गों, माताओं और सास को साक्षर बनाने का लिया संकल्प, रैली-चित्रकला से लेकर डिजिटल साक्षरता तक हुए आयोजन
मनेंद्रगढ़। राज्य परियोजना कार्यालय के निर्देशानुसार जिले में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत 1 से 15 सितंबर 2026 तक साक्षरता पखवाड़े का आयोजन किया गया। कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंकित सोम शर्मा के निर्देशन में विकासखंड मनेंद्रगढ़ के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कठौतिया में साक्षरता एवं जनजागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
उल्लास शपथ के साथ हुआ पखवाड़े का शुभारंभ
साक्षरता पखवाड़े की शुरुआत उल्लास शपथ के साथ हुई। ‘उल्लास गृहकार्य’ के अंतर्गत प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला कठौतिया के विद्यार्थियों ने अपने दादा-दादी और नाना-नानी को बुनियादी अक्षर ज्ञान देने का प्रयास किया।
‘गौरव के क्षण’ कार्यक्रम में साक्षर हुई एक महिला को उसके नाती द्वारा मंच तक ले जाकर ब्लैक बोर्ड पर हस्ताक्षर कराया गया। इस भावुक और प्रेरणादायी पहल ने शिक्षा और साक्षरता के महत्व को प्रभावी ढंग से सामने रखा।
शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने उल्लास साक्षरता रैली निकाली। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को साक्षरता के प्रति जागरूक किया गया।
अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी विपिन पांडेय एवं उल्लास कार्यक्रम के जिला परियोजना अधिकारी गणेश यादव की उपस्थिति में विद्यार्थियों ने चित्रकला, रंगोली और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस दौरान मानव श्रृंखला बनाकर उल्लास शपथ ली गई। विद्यार्थियों ने साक्षरता से जुड़े नारों के माध्यम से लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
महिला और डिजिटल साक्षरता पर विशेष जोर
पखवाड़े के दौरान महिला साक्षरता को भी विशेष महत्व दिया गया। गांव की पढ़ी-लिखी बहुओं ने अपनी सास को तथा बेटियों ने अपनी माताओं को पढ़ना-लिखना सिखाने का प्रयास किया।
वाचन दिवस पर शिक्षार्थियों ने पुस्तक वाचन किया, जबकि बैगलेस डे के अवसर पर साइकिल रैली निकालकर साक्षरता का संदेश दिया गया।
व्यावसायिक एवं डिजिटल साक्षरता के अंतर्गत ग्राम प्रभारी एवं शिक्षक योगेश कुमार लहंगीर ने ग्रामीणों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपायों की जानकारी दी। हिंदी दिवस के अवसर पर साक्षरता विषय पर नारा लेखन एवं निबंध प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक और स्वयंसेवी हुए सम्मानित
कलेक्टर कार्यालय मनेंद्रगढ़ के सभाकक्ष में कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने साक्षरता अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं श्रीमती तारा राज किशोरी मिंज, श्रीमती मनीषा पांडेय, श्रीमती प्रीति राय, योगेश कुमार लहंगीर एवं श्रीमती उर्मिला सिंह सहित स्वयंसेवी शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कलेक्टर ने उल्लास कार्यक्रम के तहत आयोजित गतिविधियों की सराहना करते हुए साक्षरता अभियान को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर शाला के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उल्लास कार्यक्रम से संबंधित सामूहिक छायाचित्र एवं स्मृति चिन्ह कलेक्टर को भेंट किया। अंत में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उल्लास साक्षरता दीपक जलाकर पखवाड़े का समापन किया।
कठौतिया में आयोजित यह अभियान परिवार से गांव तक शिक्षा का उजियारा पहुंचाने और ग्रामीण समाज में साक्षरता के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल साबित हुआ।




पाठकों की टिप्पणियां 0