चिरमिरी। थाना चिरमिरी पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए कांसा एवं फूल के बर्तन, साड़ियां, ट्रॉली बैग सहित अन्य सामान तथा घटना में प्रयुक्त लोहे का सब्बल बरामद कर जब्त किया है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, बिशुनपुर निवासी 61 वर्षीय बोदली बाई, पति स्वर्गीय रामकुपाल, ने 26 सितंबर 2026 को थाना चिरमिरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थिया सेवानिवृत्ति के बाद एकतानगर गोदरीपारा स्थित एसईसीएल क्वार्टर से सामान लेकर अपने पुश्तैनी मकान बिशुनपुर चली गई थीं। बीमारी के कारण वह 6 सितंबर 2026 को वापस चली गई थीं।
26 सितंबर को जब वह दोबारा एकतानगर गोदरीपारा स्थित एसईसीएल क्वार्टर पहुंचीं तो दरवाजा और ताला टूटा हुआ मिला। क्वार्टर के अंदर रखे सामान की जांच करने पर फूल-कांसा के बर्तन, साड़ी सहित करीब 17 हजार रुपये कीमत का सामान गायब मिला।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना चिरमिरी में अपराध क्रमांक 367/2026, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक जिला एमसीबी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चिरमिरी वासुदेव परगनिहा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की।
विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सोनू उर्फ टॉमी उर्फ सोनू कुमार सोनमान, निवासी एकतानगर गोदरीपारा, थाना चिरमिरी, जिला एमसीबी को 28 सितंबर 2026 को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी द्वारा चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी।
चोरी का सामान और सब्बल बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से—
- कांसा/फूल की 3 थालियां
- 1 परात
- सिल्वर का 1 गंजा
- 1 ट्रॉली बैग
- 5 साड़ियां
- घटना में प्रयुक्त लोहे का सब्बल
बरामद कर विधिवत जब्त किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को 28 सितंबर 2026 को दोपहर 12:40 बजे गिरफ्तार किया तथा गिरफ्तारी की सूचना उसके वारिसानों को दी गई।
एक आरोपी अभी फरार
पुलिस के मुताबिक इस चोरी की घटना में एक अन्य आरोपी भी शामिल है, जो घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस टीम की भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी चिरमिरी वासुदेव परगनिहा, सउनि बंधुराम, प्रधान आरक्षक क्रमांक 54 अशोक मलिक, आरक्षक क्रमांक 133 सुरेश तिग्गा, सैनिक क्रमांक 158 रामजी गुप्ता एवं सैनिक क्रमांक 36 प्रमोद साहू का सराहनीय योगदान रहा।




पाठकों की टिप्पणियां 0