पोटेडांड और गदबदी के मोबाइल टावरों को बनाया था निशाना, पुलिस ने करीब 20 हजार रुपये कीमत का चोरी हुआ तांबे का केबल वायर किया बरामद
बैकुंठपुर। कोरिया जिले के बैकुंठपुर क्षेत्र में जियो और आइडिया मोबाइल टावरों से तांबे का केबल वायर चोरी करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया करीब 20 हजार रुपये कीमत का तांबे का केबल वायर बरामद किया गया है।
पोटेडांड और गदबदी के मोबाइल टावरों को बनाया था निशाना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पोटेडांड एवं गदबदी में स्थापित जियो और आइडिया मोबाइल टावरों से अज्ञात चोरों द्वारा तांबे का केबल वायर चोरी कर लिया गया था। मामले की शिकायत के बाद थाना सिटी कोतवाली बैकुंठपुर में अपराध क्रमांक 322/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 305, 62 एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी।
मुखबिर की सूचना और 112 टीम की मदद से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना और डायल 112 टीम की मदद से संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों द्वारा चोरी की घटना में संलिप्तता स्वीकार किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। इसके बाद पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया तांबे का केबल वायर बरामद कर लिया।
दो वयस्क आरोपी गिरफ्तार, दो बालक भी पकड़े गए
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार है।
1. शोभित केवट (20 वर्ष), निवासी हर्रापारा, बैकुंठपुर।
2. संजय मिश्रा (19 वर्ष), निवासी हर्रापारा, बैकुंठपुर।
मामले में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील
बैकुंठपुर पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने पर तत्काल स्थानीय थाने को सूचना दें। पुलिस ने कहा कि आम नागरिकों के सहयोग से चोरी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों पर समय रहते अंकुश लगाया जा सकता है।




पाठकों की टिप्पणियां 0