लुण्ड्रा पुलिस की कार्रवाई, राजस्व मंडल बिलासपुर के कथित फर्जी आदेश से जमीन अपने नाम कराने का किया गया था प्रयास
अंबिकापुर। सरगुजा जिले में कूटरचित राजस्व आदेश के जरिए जमीन अपने नाम कराने की कोशिश का मामला सामने आया है। राजस्व मंडल बिलासपुर के फर्जी आदेश को असली बताकर 2.86 हेक्टेयर भूमि पर नाम दर्ज कराने के प्रयास में लुण्ड्रा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, तहसील कार्यालय लुण्ड्रा में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम खाराकोना निवासी मो. मुस्लिम फिरदौसी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर एसडीएम धौरपुर न्यायालय में राजस्व मंडल बिलासपुर के प्रकरण क्रमांक एम/16/आर/07/2019, आदेश दिनांक 1 जून 2019 की कथित कूटरचित प्रति प्रस्तुत की थी।
आरोपियों ने इस आदेश को वास्तविक बताकर ग्राम खाराकोना स्थित खसरा नंबर 814/1, 814/3 एवं 814/4 की कुल 2.86 हेक्टेयर भूमि अपने नाम दर्ज कराने के लिए 11 दिसंबर 2023 को आवेदन प्रस्तुत किया था। राजस्व विभाग की जांच में प्रस्तुत आदेश फर्जी पाए जाने के बाद नायब तहसीलदार की शिकायत पर थाना लुण्ड्रा में धारा 420, 467, 468, 471 एवं 34 भादवि के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया अपराध
विवेचना के दौरान पुलिस ने शिकायतकर्ता, गवाहों के बयान और जब्त दस्तावेजों के आधार पर ग्राम खाराकोना निवासी मो. मुस्लिम फिरदौसी (55 वर्ष), पिता स्व. मोहिउद्दीन की संलिप्तता पाई। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर राजस्व मंडल बिलासपुर के कूटरचित आदेश की सत्यापित प्रति भी जब्त की गई।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
मामले में शामिल दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी अभी नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। पूरे प्रकरण की आगे की विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लुण्ड्रा निरीक्षक अच्युतचंद तिवारी, सहायक उप निरीक्षक विशाल मिश्रा तथा आरक्षक राजकुमार यादव, इबनुल खान, शिवप्रसाद खलखो और वीरेंद्र खलखो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




पाठकों की टिप्पणियां 0