स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयासों से मिली बड़ी सौगात, भरतपुर, खड़गवां और मनेंद्रगढ़ ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगा लाभ
मनेन्द्रगढ़। एमसीबी जिले में ग्रामीण कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) योजना के तहत जिले में 81 वृहद पुलों के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई है। 23 नवंबर 2026 को जारी स्वीकृति आदेश के अनुसार इन पुलों के निर्माण और रखरखाव पर कुल 27087.81 लाख रुपये यानी लगभग 270.88 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इस स्वीकृति को जिले के बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयासों से इस योजना को मंजूरी मिलने की बात कही जा रही है। इन निर्माण कार्यों का सीधा लाभ भरतपुर, खड़गवां और मनेंद्रगढ़ विकासखंड के दूरस्थ ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों को मिलेगा।
मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस बड़ी स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने इसे डबल इंजन सरकार की विकास के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम बताया।
81 पुलों के निर्माण पर खर्च होंगे ₹270.88 करोड़
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 23 नवंबर 2026 के स्वीकृति आदेश के अनुसार योजना के तहत कुल 81 वृहद पुलों का निर्माण प्रस्तावित है। इन पुलों की कुल लंबाई 4,496.80 मीटर निर्धारित की गई है।
स्वीकृत राशि का विवरण इस प्रकार है—
- कुल स्वीकृत पुल : 81
- कुल प्रस्तावित लंबाई : 4,496.80 मीटर
- निर्माण लागत : 26,445 लाख रुपये
- रखरखाव लागत : 642.81 लाख रुपये
- कुल स्वीकृत राशि : 27,087.81 लाख रुपये
भरतपुर ब्लॉक में सबसे अधिक 54 पुल स्वीकृत
स्वीकृत सूची के अनुसार भरतपुर विकासखंड में सर्वाधिक 54 पुलों का निर्माण किया जाएगा। इनमें आरा-तोजा, कुंवारपुर-गंजर, हर्रई-पटेराटोला, आवासपारा भगवानपुर-बहिडोल, बेनीपुरा-पतपरपारा सहित नेउर नदी और रापा नदी से जुड़े विभिन्न संपर्क मार्ग शामिल हैं।
खड़गवां ब्लॉक में 8 पुल
खड़गवां विकासखंड में 8 पुलों का निर्माण प्रस्तावित है। इनमें करवां, परसामुड़ा-गंजरपारा, मुगुम-करमीपारा, करवां-कोडांगी, रतनपुर मुख्य मार्ग-बैगापारा, सितगापारा-बेलबहरा और बरमोरा नाला सहित अन्य संपर्क मार्ग शामिल हैं।
मनेंद्रगढ़ ब्लॉक में 19 पुल
मनेंद्रगढ़ विकासखंड में कुल 19 पुलों को स्वीकृति मिली है। इनमें मौहरीडांड-सजापहाड़, कोडा-बांजी वनग्रामपारा, अटल चौक पसोरी-एमपी बॉर्डर, भलोर साल्ही-मइरटोला, लेदरी नारायणपुर-चटनिहापारा और बरपानी मार्ग सहित कई महत्वपूर्ण स्थान शामिल हैं।
बरसात में नहीं टूटेगा ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क
इन पुलों के निर्माण से जिले के उन ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों को विशेष राहत मिलने की उम्मीद है, जहां बारिश के दौरान नदी-नालों में पानी बढ़ने से आवागमन बाधित हो जाता है। कई गांवों के लोगों को बरसात के मौसम में मुख्य मार्गों तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता है।
स्वीकृत पुलों में 60 मीटर से लेकर 100, 120, 140, 180 और 375 मीटर तक लंबाई वाले पुल भी शामिल हैं। इनके निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार तथा सरकारी सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।
इसके साथ ही ग्रामीण सड़कों और प्रमुख मार्गों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित होने से क्षेत्र में आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
विकास कार्यों को लेकर मंत्री ने जताया आभार
स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि एमसीबी जिले के प्रत्येक क्षेत्र को बेहतर बुनियादी सुविधाओं से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। पीएम जनमन योजना के माध्यम से विशेष रूप से जनजातीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
81 वृहद पुलों की यह स्वीकृति एमसीबी जिले की ग्रामीण कनेक्टिविटी के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। अब इन परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन और गुणवत्तापूर्ण निर्माण पर क्षेत्रवासियों की निगाहें रहेंगी।




पाठकों की टिप्पणियां 0