LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
28 Nov 2026
ब्रेकिंग

कोरिया में यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 58 वाहन चालकों पर लगा जुर्माना; ₹91,900 की वसूली

कोरिया में यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 58 वाहन चालकों पर लगा जुर्माना; ₹91,900 की वसूली
कोरिया में यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 58 वाहन चालकों पर लगा जुर्माना; ₹91,900 की वसूली। फोटो: आज का दिन न्यूज़

मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने पर ₹5 हजार का जुर्माना, शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालक पर कोर्ट ने लगाया ₹10 हजार का अर्थदंड

बैकुंठपुर। जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कोरिया यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के निर्देश पर यातायात प्रभारी उप निरीक्षक बीरबल राजवाड़े के नेतृत्व में चलाए गए दो दिवसीय सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान कुल 58 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल ₹91,900 का जुर्माना वसूला गया।

यातायात पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर 2026 को रात्रिकालीन वाहन चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर कार्रवाई की गई। चारपहिया वाहन की एक हेडलाइट जलाकर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने, बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने और बिना सीट बेल्ट के वाहन चलाने के तीन मामलों में ₹4,800 का शमन शुल्क वसूला गया। वहीं, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, बिना लाइसेंस और बिना बीमा वाहन चलाने के 40 मामलों में ई-चालान के जरिए ₹52,600 की कार्रवाई की गई।

इसी क्रम में 27 नवंबर को चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान बुलेट मोटरसाइकिल में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर चलाने वाले एक चालक पर ₹5,000 का शमन शुल्क लगाया गया। इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 13 वाहन चालकों के खिलाफ ई-चालान के माध्यम से ₹19,500 की चालानी कार्रवाई की गई।

शराब पीकर वाहन चलाने पर कोर्ट ने लगाया ₹10 हजार का जुर्माना

अभियान के दौरान 27 नवंबर को शराब पीकर वाहन चलाने का एक मामला भी सामने आया। संबंधित चालक को न्यायालय में पेश किया गया, जहां माननीय न्यायालय ने उसे ₹10,000 के अर्थदंड से दंडित किया।

यातायात पुलिस की आम नागरिकों से अपील

कोरिया यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की है। पुलिस ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस एवं वाहन के आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की समझाइश दी है। साथ ही शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, मोटरसाइकिल में प्रतिबंधित मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग नहीं करने और रात्रि में हेडलाइट जलाकर निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील की है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0