सरगुजा ओलंपिक के लिए पंजीयन शुरू, खिलाड़ी 29 अगस्त तक करा सकेंगे पंजीयन,
मनेंद्रगढ़ । एमसीबी जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस 2026-27 एवं सरगुजा ओलंपिक 2026-27 का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर जिले के युवा खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जहां जिले में भव्य खेल आयोजन होगा, वहीं सरगुजा ओलंपिक के लिए खिलाड़ियों के पंजीयन की प्रक्रिया भी जारी है।
29 अगस्त को मनाया जाएगा राष्ट्रीय खेल दिवस
महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। एमसीबी जिले में राष्ट्रीय खेल दिवस का मुख्य कार्यक्रम 29 अगस्त 2026, शनिवार को दोपहर 2 बजे स्वामी आत्मानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मैदान में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में युवा खिलाड़ी, जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी तथा विभिन्न खेल संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
आयोजन का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना और जिले की खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर एवं मंच उपलब्ध कराना है।
सरगुजा ओलंपिक के लिए 29 अगस्त तक पंजीयन
सरगुजा संभाग के अनुसूचित जनजाति बाहुल्य क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरगुजा ओलंपिक 2026-27 का आयोजन किया जा रहा है। एमसीबी जिले के सभी विकासखंडों में खिलाड़ियों का पंजीयन 10 अगस्त से 29 अगस्त 2026 तक किया जा रहा है।
विकासखंड स्तरीय एवं जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं सितंबर माह में प्रस्तावित हैं, जबकि संभाग स्तरीय प्रतियोगिता अक्टूबर माह में आयोजित की जाएगी। विभाग ने इच्छुक खिलाड़ियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर पंजीयन कराने की अपील की है।
इन खेलों में खिलाड़ी दिखाएंगे प्रतिभा
सरगुजा ओलंपिक में एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं सहित कई खेलों को शामिल किया गया है। एथलेटिक्स में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जेवलिन थ्रो और 4×100 मीटर रिले रेस आयोजित होगी।
इसके अलावा तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, कराते, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और रस्साकशी में भी खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे। रस्साकशी प्रदर्शनात्मक खेल के रूप में केवल महिला सीनियर वर्ग के लिए आयोजित की जाएगी। हॉकी एवं कुश्ती की प्रतियोगिताएं जिला स्तर पर आयोजित होंगी।
प्रतियोगिताओं में जूनियर वर्ग में 14 से 17 वर्ष आयु के बालक- बालिकाएं तथा सीनियर वर्ग में बिना आयु सीमा के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम से पंजीयन
खिलाड़ी सरगुजा ओलंपिक के लिए ऑनलाइन पंजीयन विभाग के आधिकारिक पोर्टल sportsyw.cg.gov.in/sargujaOlympic पर कर सकते हैं।
ऑफलाइन पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध है। खिलाड़ी अपने संबंधित विकासखंड के जनपद पंचायत कार्यालय, विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, नगर पंचायत, नगर पालिका, नगर निगम कार्यालय अथवा जिला खेल अधिकारी कार्यालय से पंजीयन फॉर्म प्राप्त कर उसे जमा कर सकते हैं।
पंजीयन के लिए नियमों का रखें ध्यान
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रत्येक खिलाड़ी का पंजीयन अनिवार्य होगा। एक खिलाड़ी केवल एक पंजीयन फॉर्म जमा कर सकेगा। दलगत खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के सभी फॉर्म एक साथ जमा करना आवश्यक होगा। एक खिलाड़ी अधिकतम एक दलगत एवं एक व्यक्तिगत खेल में ही भाग ले सकेगा।
पंजीयन फॉर्म में दर्ज जानकारी के आधार पर ही खिलाड़ी की विकासखंड एवं जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी मान्य होगी। सभी स्तरों पर खिलाड़ियों के लिए वैध पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य है। इसके लिए आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड अथवा बैंक पासबुक की छायाप्रति स्वीकार की जा सकती है।
निर्धारित समयावधि में पंजीयन नहीं कराने वाले खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग लेने से वंचित हो सकते हैं। विभाग ने जिले के अधिक से अधिक खिलाड़ियों से पंजीयन कराकर सरगुजा ओलंपिक में भाग लेने और अपनी खेल प्रतिभा को प्रदर्शित करने की अपील की है।




पाठकों की टिप्पणियां 0