रोहित कुमार ने दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीता, जन्तराम पनिका और मोहनी मरावी ने भी हासिल किए कांस्य पदक
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित 26वीं राष्ट्रीय पैरा तैराकी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले के दिव्यांग खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छह पदक अपने नाम किए हैं। जिले के तीन खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर जिले के साथ पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है।
12 से 15 नवंबर 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर के पैरा तैराकों ने हिस्सा लिया। छत्तीसगढ़ की ओर से प्रतियोगिता में शामिल हुए रोहित कुमार, जन्तराम पनिका और मोहनी मरावी ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए शानदार उपलब्धि हासिल की।
रोहित कुमार ने जीते तीन पदक
प्रतियोगिता में रोहित कुमार सबसे शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में शामिल रहे। उन्होंने 50 मीटर बैक स्ट्रोक और 100 मीटर बैक स्ट्रोक स्पर्धाओं में दो स्वर्ण पदक हासिल किए। इसके अलावा एक रजत पदक भी अपने नाम किया। उनके प्रदर्शन ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले की खेल प्रतिभा को नई पहचान दिलाई।
जन्तराम और मोहनी ने भी दिखाया दम
जन्तराम पनिका ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो कांस्य पदक जीते, जबकि मोहनी मरावी ने एक कांस्य पदक हासिल किया। इस तरह तीनों खिलाड़ियों ने मिलकर कुल छह पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया।
कलेक्टर ने दी खिलाड़ियों को बधाई
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर लौटे तीनों खिलाड़ियों ने कलेक्टर विजय दयाराम के. से सौजन्य मुलाकात की। कलेक्टर ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी और भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इन खिलाड़ियों की सफलता ने साबित कर दिया है कि शारीरिक चुनौतियां प्रतिभा और दृढ़ इच्छाशक्ति के रास्ते में बाधा नहीं बन सकतीं। मेहनत, आत्मविश्वास और निरंतर अभ्यास से राष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता हासिल की जा सकती है। जीपीएम के इन तीनों खिलाड़ियों की उपलब्धि प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बन गई है।




पाठकों की टिप्पणियां 0