आज का देश मौसम 14 नवंबर 2024 : दिल्ली-एनसीआर में कोहरे के साथ ठंड की एंट्री...इन इलाकों में बारिश का अलर्ट...जाने आज का मौसम अपडेट
आज का मौसम 14 नवंबर 2024: दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल चुका है। उत्तर भारत के राज्यों में ठंड और कोहरे की एंट्री हो गई है। वहीं पहाड़ों पर बर्फबारी जारी है। मौसम विभाग ने आज भी उत्तर भारत के राज्यों में कोहरे और धुंध की संभावना जताई है। इसके अलावा मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश में और भी बारिश होने का अनुमान जताया है। जानिए आज कहां-कैसा मौसम रहेगा।
दिल्ली में सीजन का सबसे ठंडा दिन
राजधानी दिल्ली में बुधवार को इस मौसम(IMD Weather Update) में पहली बार घना कोहरा छाया और सीजन का अबतक का सबसे कम अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज भी दिल्ली-एनसीआर में कोहरे की संभावना जताई है। इसके साथ ही सुबह के समय छह किलोमीटर प्रति घंटे से कम गति की हवाएं चलने की संभावना है। आईएमडी ने यह भी कहा कि सुबह के समय स्मॉग या घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। दोपहर में उत्तर-पश्चिम से हवा की गति बढ़कर 10 किमी प्रति घंटे से कम हो जाएगी, जबकि शाम और रात में उसी दिशा से हवा की गति घटकर आठ किमी प्रति घंटे से कम हो जाएगी।
इन राज्यों में भी बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में तमिलनाडु के सिरकाली और कोलाई डैम में भारी बारिश दर्ज की गई। पुडुचेरी और रायल सीमा के गुडूर में भी बारिश हुई। दिल्ली, पंजाब, पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में घना कोहरा छाया रहा। हरियाणा के कुछ इलाकों में भी घना कोहरा देखने को मिला। वहीं उत्तर तमिलनाडु और उससे सटे बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब कमजोर पड़ गया है। बांग्लादेश के ऊपर एक और चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। एक पश्चिमी विक्षोभ आज रात से हिमालय क्षेत्र, जम्मू और कश्मीर को प्रभावित करना शुरू कर देगा।
कहां कितना रहेगा तापमान?
शहर न्यूनतम तापमान (°C) अधिकतम तापमान (°C)
दिल्ली 16 29
नोएडा 17 29
गाजियाबाद 18 29
पटना 21 30
लखनऊ 16 32
जयपुर 18 31
भोपाल 15 31
मुंबई 23 35
अहमदाबाद 20 35
जम्मू 19 31
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
इन सभी मौसमी परिस्थितियों के कारण, तमिलनाडु में 19 नवंबर तक भारी बारिश होने की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश में 18 नवंबर को, केरल में 19 नवंबर तक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 18 नवंबर को भारी बारिश होने की संभावना है।
उत्तर भारत में छाया रहेगा कोहरा
अगले दो-तीन दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में रात और सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा। आज भी पंजाब में बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। पूरे उत्तर-पश्चिम भारत, जिसमें गंगा के मैदानी इलाके, हिमाचल प्रदेश, सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और झारखंड शामिल हैं, में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। वहीं आज आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश होने की संभावना है।