LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
25 Aug 2026
ब्रेकिंग

नवा रायपुर में 119.89 करोड़ की आवासीय परियोजना का होगा शुभारंभ, सेक्टर-12 फेस-2 में बनेंगे 348 नए भवन,

नवा रायपुर में 119.89 करोड़ की आवासीय परियोजना का होगा शुभारंभ, सेक्टर-12 फेस-2 में बनेंगे 348 नए भवन,
नवा रायपुर में 119.89 करोड़ की आवासीय परियोजना का होगा शुभारंभ, सेक्टर-12 फेस-2 में बनेंगे 348 नए भवन,। फोटो: आज का दिन न्यूज़

आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी करेंगे भूमिपूजन एवं शिलान्यास, आगामी चरण में 704 नए फ्लैट भी होंगे तैयार,

रायपुर, 24 अगस्त 2026। नवा रायपुर अटल नगर में आवासीय सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया जा रहा है। आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी 25 अगस्त को दोपहर 12 बजे सेक्टर-12 फेस-2 में 119.89 करोड़ रुपए की लागत से प्रस्तावित आवासीय परियोजना का भूमिपूजन एवं शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब विशिष्ट अतिथि होंगे, जबकि अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव करेंगे।

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा विकसित की जा रही इस परियोजना के माध्यम से विभिन्न आय वर्ग के परिवारों को आधुनिक, सुविधायुक्त और सुव्यवस्थित आवास उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।

सेक्टर-12 फेस-2 में बनेंगे 348 भवन

सेक्टर-12 फेस-2 में शेष 29.20 एकड़ भूमि पर HIG एवं MIG श्रेणी के कुल 348 भवनों का निर्माण किया जाएगा। इन आवासों का बेस विक्रय मूल्य 45.70 लाख रुपए से 85.17 लाख रुपए तक निर्धारित किया गया है।

नवा रायपुर अटल नगर में लगातार बढ़ती आवासीय मांग को देखते हुए इस परियोजना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आधुनिक अधोसंरचना, बेहतर कनेक्टिविटी, स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त वातावरण तथा शासकीय और निजी कार्यालयों के बढ़ते विस्तार के कारण यहां आवास की मांग में लगातार वृद्धि हो रही है।

704 नए फ्लैट भी होंगे तैयार

सेक्टर-12 फेस-2 में आगामी चरण में 704 नए फ्लैट का निर्माण भी शीघ्र किया जाएगा। इनमें 128 HIG, 320 MIG और 256 LIG श्रेणी के फ्लैट शामिल हैं।

इन आवासों का प्रस्तावित बेस विक्रय मूल्य 16.76 लाख रुपए से 40.47 लाख रुपए तक रहेगा। इससे आर्थिक रूप से अलग-अलग वर्गों के परिवारों को नवा रायपुर अटल नगर में आधुनिक और सुव्यवस्थित आवास उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

नवा रायपुर में लगातार बढ़ रहा आवासीय विस्तार

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा नवा रायपुर अटल नगर में योजनाबद्ध तरीके से आवासीय कॉलोनियों का विकास किया जा रहा है। मंडल ने वर्ष 2007 में सेक्टर-27 की 154 एकड़ भूमि पर अपनी पहली आवासीय कॉलोनी शुरू की थी। यहां 2665 स्वतंत्र भवन एवं फ्लैट का निर्माण वर्ष 2014 में पूरा कर आबंटियों को सौंपा गया।

इसके बाद वर्ष 2011 में सेक्टर-29 की 145 एकड़ भूमि पर दूसरी आवासीय कॉलोनी प्रारंभ की गई। यहां 3012 स्वतंत्र भवन एवं फ्लैट का निर्माण वर्ष 2015 में पूर्ण कर आबंटियों को प्रदान किया गया।

प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत वर्ष 2016 में सेक्टर-16, 30 एवं 34 की 43 एकड़ भूमि पर आवास निर्माण प्रारंभ किया गया। इस परियोजना में कमजोर आय वर्ग के लिए 2312 EWS और 2232 LIG, यानी कुल 4544 फ्लैट का निर्माण किया जा रहा है। इनमें से 1871 भवनों का आधिपत्य हितग्राहियों को सौंपा जा चुका है और इनमें हितग्राही निवास कर रहे हैं।

इसी तरह सेक्टर-12 फेस-1 में 40.06 एकड़ भूमि पर वर्ष 2018 में आवासीय परियोजना शुरू की गई थी। यहां HIG एवं MIG श्रेणी के 450 स्वतंत्र भवनों का निर्माण एवं विकास कार्य पूर्ण कर आबंटियों को भवन सौंपे जा चुके हैं।

आधुनिक सुविधाओं के कारण बढ़ रही आवास की मांग

नवा रायपुर अटल नगर शासकीय एवं निजी कार्यालयों, आधुनिक अधोसंरचना और बेहतर नागरिक सुविधाओं के केंद्र के रूप में तेजी से विकसित हो रहा है। स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त वातावरण, सुव्यवस्थित यातायात, बेहतर कनेक्टिविटी, आधुनिक शिक्षा सुविधाओं और अन्य नागरिक सुविधाओं के चलते यहां लोगों की आवासीय रुचि लगातार बढ़ रही है।

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा विभिन्न आय वर्ग के लोगों की आवास संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लगातार नई परियोजनाओं का विस्तार किया जा रहा है। सेक्टर-12 फेस-2 की नई परियोजना और आगामी 704 फ्लैटों का निर्माण नवा रायपुर में आवासीय सुविधाओं के विस्तार को नई गति देगा।

मंडल का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण, सुव्यवस्थित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त आवास उपलब्ध कराने के साथ-साथ नवा रायपुर अटल नगर के सुनियोजित एवं समग्र विकास को गति देना है।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Advertisement
15-augstslides11
15-augstslides10
15-augstslides9
15-augstslides8
15-augstslides7
15-augstslides6
15-augstslides5
15-augstslides1
15-augstslides
Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0