मनेंद्रगढ़। लंबे इंतजार के बाद मनेंद्रगढ़ मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा शिक्षा की शुरुआत हो गई है। गुरुवार को आयोजित प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में प्रथम वर्ष के 31 नवप्रवेशी छात्रों का प्रवेश कराया गया। इसी के साथ सेवा संकल्प अभियान 2026 के द्वितीय चरण का भी शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम परिसर में आयोजित वृहद स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर विभिन्न स्वास्थ्य जांच और चिकित्सा सेवाओं का लाभ लिया। वहीं रक्तदान अभियान के दौरान 19 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
50 सीटों में राज्य कोटे की 31 सीटों पर प्रवेश
शासकीय मेडिकल कॉलेज मनेंद्रगढ़ में प्रथम वर्ष के लिए कुल 50 सीटें निर्धारित हैं। इनमें राज्य कोटे की 31 सीटों पर विद्यार्थियों को प्रवेश दिया गया। नवप्रवेशी छात्रों को किट भी प्रदान की गई। इसके बाद सेवा संकल्प अभियान के द्वितीय चरण के रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मनेंद्रगढ़ मेडिकल कॉलेज अब केवल सपना नहीं, बल्कि हकीकत बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर मेडिकल कॉलेज की शुरुआत क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने की बात कही।
स्वास्थ्य शिविर में हजारों लोगों ने कराया परीक्षण
कार्यक्रम के दौरान लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में हजारों लोगों ने विभिन्न स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा सेवाओं का लाभ लिया। युवाओं और समाजसेवियों ने रक्तदान कर सेवा भावना का संदेश दिया। रक्तदान अभियान में कुल 19 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
मेडिकल कॉलेज में शिक्षकों की व्यवस्था पर जोर
मंत्री जायसवाल ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में 50 विद्यार्थियों के साथ 50 शिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने जीवनदीप समिति के मानदेय में वृद्धि किए जाने की भी जानकारी दी।
मेडिकल कॉलेज को लेकर पूर्व में जताई जा रही आशंकाओं का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि अब कॉलेज की व्यवस्था सामने है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों के लिए मेडिकल कॉलेज का संचालन एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
जनसेवा के माध्यम से मनाया गया प्रधानमंत्री का जन्मदिवस
स्वास्थ्य मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा गतिविधियों के रूप में मनाए जाने का उल्लेख करते हुए स्वच्छता, रक्तदान और जनसेवा जैसे कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान देश द्वारा वैक्सीन तैयार किए जाने और अन्य देशों को भी उपलब्ध कराने का उल्लेख किया।
उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने का काम किया गया है।
कार्यक्रम में योग आयोग अध्यक्ष संजय अग्रवाल, नगर पंचायत लेदरी अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा, नगर पालिका मनेंद्रगढ़ अध्यक्ष प्रतिमा यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत सिंह, नगर पंचायत झगराखांड अध्यक्ष रीमा यादव, जानकी बाई खुसरो, जिला पंचायत सदस्य रामजीत लकड़ा, कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे, डीपीएम शिशिर जायसवाल, डॉ. स्वप्निल तिवारी, अस्पताल अधीक्षक सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, मेडिकल कॉलेज के नवप्रवेशी छात्र और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।




पाठकों की टिप्पणियां 0