अम्बिकापुर। पुलिस अधिकारी देवेंद्र कुमार सिंह (डी.के. सिंह) की एक बार फिर सरगुजा संभाग में वापसी हुई है। राज्य शासन द्वारा उन्हें संभाग मुख्यालय अम्बिकापुर में उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी-यातायात) के पद पर पदस्थ किया गया है। उनकी पदस्थापना से शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।
डी.के. सिंह अपनी सख्त कार्यशैली, अनुशासन और त्वरित कार्रवाई के लिए पहचाने जाते हैं। अपने लंबे सेवाकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न थाना क्षेत्रों में जिम्मेदारी संभालते हुए अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाई है। उनकी कार्यशैली की खासियत रही है कि वे केवल कार्यालय तक सीमित न रहकर मैदानी स्तर पर भी सक्रिय रहते हैं।
सरगुजा संभाग और आसपास के क्षेत्रों में उनका पुराना अनुभव रहा है। उन्होंने अपने सेवाकाल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।
सरगुजा अंचल में पूर्व पदस्थापना का विवरण
- वर्ष 2004–2005: थाना प्रभारी, सूरजपुर
- वर्ष 2005–2006: थाना प्रभारी, अम्बिकापुर कोतवाली
- वर्ष 2010–2011: थाना प्रभारी, भैयाथान
- वर्ष 2011–2013: थाना प्रभारी, सूरजपुर कोतवाली
- वर्ष 2016–2019: नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी), सूरजपुर
इन पदस्थापनाओं के दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण, अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को प्राथमिकता दी।
इधर, अम्बिकापुर शहर में लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव, सड़क पर अतिक्रमण और यातायात नियमों के उल्लंघन के कारण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना बड़ी चुनौती है। ऐसे में डीएसपी यातायात के रूप में डी.के. सिंह की नई जिम्मेदारी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। उनसे शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, जाम की समस्या कम करने और सड़क सुरक्षा के नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित कराने की अपेक्षा रहेगी।
इसके साथ ही अनुभवी एएसपी राजेश देवांगन की पदस्थापना से भी पुलिस विभाग में बेहतर समन्वय और प्रशासनिक सक्रियता की उम्मीद जताई जा रही है।
डी.के. सिंह की सरगुजा संभाग में वापसी को लेकर स्थानीय नागरिकों और व्यापारिक वर्ग में उम्मीद है कि उनके अनुभव और सक्रिय कार्यशैली से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा अम्बिकापुर की यातायात व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।




पाठकों की टिप्पणियां 0