01 नवंबर से अब तक बैकुंठपुर के 27 और पटना के 22 वारंटी पकड़े गए, लंबे समय से फरार आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा
बैकुंठपुर। जिले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की धरपकड़ के लिए कोरिया पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 01 नवंबर से अब तक कुल 57 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है। इस कार्रवाई से लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के निर्देशन में जिलेभर में स्थायी वारंटियों और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के मार्गदर्शन में विशेष टीमों का गठन कर संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की सहायता से आरोपियों की पतासाजी की। इसके साथ ही जिले के विभिन्न स्थानों और संभावित बाहरी ठिकानों पर लगातार दबिश देकर लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी में बैकुंठपुर सबसे आगे
01 नवंबर से अब तक गिरफ्तार किए गए 57 स्थायी वारंटियों का थाना-वार विवरण इस प्रकार है:
- थाना बैकुंठपुर: 27 स्थायी वारंटी
- थाना पटना: 22 स्थायी वारंटी
- थाना चरचा: 06 स्थायी वारंटी
- थाना सोनहत: 02 स्थायी वारंटी
गिरफ्तार सभी आरोपियों के विरुद्ध माननीय न्यायालय द्वारा स्थायी वारंट जारी किए गए थे। पुलिस ने सभी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
साइबर सेल और थाना सोनहत की टीम की सराहनीय भूमिका
इस विशेष अभियान में जिला कोरिया साइबर सेल की टीम के प्रधान आरक्षक तालिब शेख एवं अरविन्द कौल, आरक्षक अमरेशानंद, राघवेंद्र पुरी, अमल कुजूर एवं शिवम सिन्हा सहित थाना सोनहत के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही।
कोरिया पुलिस की इस लगातार कार्रवाई से स्पष्ट है कि लंबे समय से फरार स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। अभियान के माध्यम से न्यायालयीन वारंटों के निष्पादन और कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।




पाठकों की टिप्पणियां 0