मुख्यमंत्री से मुलाकात कर जताया आभार, 20 खेलों के 156 खिलाड़ियों को शासकीय सेवा का अवसर मिलने पर खुशी व्यक्त की
रायपुर, 10 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में उत्कृष्ट खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में अवसर देने के राज्य सरकार के निर्णय का छत्तीसगढ़ ओलम्पिक एसोसिएशन ने स्वागत किया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से उनके निवास कार्यालय में एसोसिएशन के महासचिव विक्रम सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात कर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने वाले इस फैसले के लिए आभार व्यक्त किया।
मुलाकात के दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने विशेष रूप से 20 विभिन्न खेलों के 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित कर शासकीय सेवा में लाभ देने के निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि इससे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और प्रदेश के युवाओं में खेलों के प्रति नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार होगा। उन्होंने इसे खेल प्रतिभाओं के सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में राज्य सरकार की ऐतिहासिक पहल बताया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को उनकी प्रतिभा और उपलब्धियों के अनुरूप बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आवश्यक संसाधन, प्रोत्साहन और सम्मान मिल सके, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में अवसर देने का निर्णय युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करेगा और प्रदेश में खेल संस्कृति को नई मजबूती देगा। उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम भी हैं। इसलिए राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं के सर्वांगीण विकास और खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ ओलम्पिक एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रदेश में खेल अधोसंरचना के विकास और खिलाड़ियों के हित में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।




पाठकों की टिप्पणियां 0