LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
10 Aug 2026
ब्रेकिंग

नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की असली ताकत, मनेन्द्रगढ़ में PIB के संवाद कार्यक्रम से गांव-गांव तक पहुंचेगा जागरूकता का संदेश,

नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की असली ताकत, मनेन्द्रगढ़ में PIB के संवाद कार्यक्रम से गांव-गांव तक पहुंचेगा जागरूकता का संदेश,
नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की असली ताकत, मनेन्द्रगढ़ में PIB के संवाद कार्यक्रम से गांव-गांव तक पहुंचेगा जागरूकता का संदेश,। फोटो: आज का दिन न्यूज़

मनेन्द्रगढ़। “नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं”—इसी संकल्प के साथ भारत सरकार के पत्र सूचना कार्यालय (PIB), रायपुर द्वारा ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान’ के अंतर्गत मनेन्द्रगढ़ के होटल हसदेव इन में वार्तालाप कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रशासन, मीडिया और युवाओं ने मिलकर नशे के खिलाफ जनजागरूकता को गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना, नशामुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाना तथा मीडिया के माध्यम से नशामुक्ति के संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम में PIB रायपुर के उपनिदेशक (मीडिया एवं संचार) रमेश जयभाये, कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी संतन देवी जांगड़े, PIB भोपाल के निदेशक मनीष गौतम, छत्तीसगढ़ बंधु पत्रिका के संपादक मधुकर द्विवेदी, माय भारत जिला समन्वयक कोरिया चहल कैलाशिया, एमसीबी प्रेस क्लब अध्यक्ष रंजीत सिंह तथा पत्रकार संघ मनेन्द्रगढ़ के अध्यक्ष प्रवीण ऋषि सहित जिले के पत्रकार एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

लोक संस्कृति से शुरू हुआ कार्यक्रम, नाटक ने दिखाया नशे का भयावह असर

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में रंग भर दिया। नाचा दल ने “अरपा पैरी के धार, महानदी हे अपार, इंद्रावती हर पखारे तोर पांव” जैसे लोकप्रिय पारंपरिक गीत की प्रस्तुति दी। इसके बाद “मोर संग चलव गा” छत्तीसगढ़ी गीत के माध्यम से कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया।

नशामुक्ति अभियान पर आधारित नाटक कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशे की लत केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है। नशे के कारण एक हंसते-खेलते परिवार के बिखरने की कहानी को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।

मीडिया योजनाओं और जनकल्याणकारी अभियानों की जानकारी पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम : मनीष गौतम

PIB भोपाल के निदेशक मनीष गौतम ने मीडिया की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि मीडिया देश का चौथा स्तंभ है और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों तथा जनजागरूकता अभियानों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि सूचना तंत्र को अधिक प्रभावी, व्यवस्थित और समन्वित बनाने से केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण), जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं की सही और समय पर जानकारी मिलना बेहद जरूरी है।

नशामुक्ति अभियान पर उन्होंने कहा कि “नशा छोड़ो, भारत जोड़ो” के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाया जाएगा। ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नशामुक्ति केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। मीडिया, प्रशासन, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और युवा मिलकर इसे जन आंदोलन का रूप दे सकते हैं।

MY Bharat बनेगा युवाओं की भागीदारी का मजबूत मंच

माय भारत जिला समन्वयक कोरिया चहल कैलाशिया ने युवाओं को ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) पोर्टल की गतिविधियों और उपयोगिता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह मंच 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को राष्ट्र निर्माण, स्वयंसेवा, सामाजिक सहभागिता, कौशल विकास और नेतृत्व क्षमता से जुड़ी गतिविधियों से जोड़ने का अवसर प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि नशामुक्त भारत अभियान में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए MY Bharat प्रभावी माध्यम बन सकता है। जिले में युवाओं के साथ नियमित कार्यक्रम आयोजित कर नशे के दुष्परिणाम, स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषयों पर संवाद किया जाएगा।

स्कूलों में भी जिला शिक्षा विभाग के समन्वय से नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही गई। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करने और “हम नशामुक्त हैं” जैसे संदेशों के माध्यम से अन्य युवाओं को भी प्रेरित करने की अपील की।

युवाओं को नशे से बचाना है तो उनकी परेशानी को समझना होगा : कलेक्टर

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी संतन देवी जांगड़े ने कहा कि नशे की समस्या को केवल कानून या अभियान के नजरिए से देखने के बजाय उसके पीछे छिपे सामाजिक और व्यक्तिगत कारणों को समझना जरूरी है।

Example Image

उन्होंने कहा कि कई बार युवा तनाव, अकेलेपन, पारिवारिक परिस्थितियों, पढ़ाई या रोजगार के दबाव और भविष्य को लेकर असमंजस के कारण गलत संगति में पड़ जाते हैं। ऐसे में केवल उन्हें नशे से रोकना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी समस्याओं को समझकर उनसे संवाद करना और सही मार्गदर्शन देना भी जरूरी है।

कलेक्टर ने कहा कि परिवार, स्कूल, समाज, प्रशासन और मीडिया को मिलकर ऐसा वातावरण तैयार करना होगा, जहां युवा अपनी परेशानियां खुलकर साझा कर सकें। खेल, शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, रचनात्मक गतिविधियों और सामाजिक कार्यों से युवाओं को जोड़कर उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा दी जा सकती है।

उन्होंने मीडिया से अपील की कि नशामुक्ति अभियान के संदेश के साथ उन लोगों की प्रेरक कहानियों को भी सामने लाया जाए, जिन्होंने नशे को छोड़कर अपने जीवन को नई दिशा दी है।

रमेश जयभाये ने कहा—नशामुक्ति को जन आंदोलन बनाएं

PIB रायपुर के उपनिदेशक रमेश जयभाये ने अतिथियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि समाचार पत्र, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म की पहुंच गांव-गांव तक है। ऐसे में “नशा छोड़ो, भारत जोड़ो” के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने की जिम्मेदारी और अवसर दोनों मीडिया के पास हैं।Example Image

उन्होंने मीडिया से अपील की कि नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देने के साथ नशा छोड़कर सफल और सम्मानजनक जीवन जी रहे लोगों की प्रेरक कहानियां भी सामने लाई जाएं। इससे युवाओं में सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा, खेल, कौशल विकास, रोजगार, सामाजिक गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण से जोड़कर नशे की प्रवृत्ति को काफी हद तक रोका जा सकता है।

रमेश जयभाये ने कहा कि “नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।” उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से इस अभियान को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए स्कूलों, महाविद्यालयों, गांवों और नगरीय क्षेत्रों तक निरंतर पहुंचाने तथा इसे व्यापक जन आंदोलन बनाने में सहयोग की अपील की।

प्रशासन और मीडिया की साझेदारी से मजबूत होगा नशामुक्ति अभियान

मनेन्द्रगढ़ में आयोजित यह वार्तालाप कार्यक्रम नशामुक्ति को लेकर प्रशासन और मीडिया की साझा जिम्मेदारी तथा जनभागीदारी की आवश्यकता को रेखांकित करता है। कार्यक्रम में युवाओं को नशे से दूर रखने के साथ उन्हें शिक्षा, रोजगार, कौशल, खेल और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम से यह संदेश स्पष्ट रूप से सामने आया कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल कार्रवाई से नहीं, बल्कि जागरूकता, संवाद, परिवार के सहयोग और युवाओं को सकारात्मक अवसर देने से जीती जा सकती है।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0