प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जिले में 6,968 नए आवास पूर्ण, पारंपरिक रीति-रिवाज से हितग्राहियों को सौंपी गई घर की चाबी
बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले में आवासहीन और जरूरतमंद ग्रामीण परिवारों को पक्का आशियाना उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1 अप्रैल 2026 से अब तक पूर्ण किए गए 6,968 नवनिर्मित आवासों में सामूहिक गृह प्रवेश कराया गया। 11 सितंबर को जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों में हितग्राहियों ने पारंपरिक रीति-रिवाज और पूजा-अर्चना के साथ अपने नए घर में प्रवेश किया।
वर्षों से कच्चे मकानों और झोपड़ियों में रहने वाले परिवारों के लिए अपने पक्के घर की चौखट पर पहुंचना भावुक और गौरवपूर्ण पल रहा। पंचायत प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हितग्राहियों को नए आवासों की चाबियां सौंपी गईं।
रामचन्द्रपुर में सबसे अधिक 2,276 आवास पूर्ण
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जिले के सभी विकासखंडों में आवास निर्माण का कार्य किया गया है। विकासखंडवार आंकड़ों के अनुसार रामचन्द्रपुर में 2,276, वाड्रफनगर में 1,772, कुसमी में 1,215, बलरामपुर में 1,142, राजपुर में 353 और शंकरगढ़ में 210 आवास पूर्ण किए गए हैं।
इस तरह जिले के हजारों परिवारों को बारिश, गर्मी और अन्य मौसम संबंधी परेशानियों से राहत के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन की नई शुरुआत मिली है।
पक्का मकान सिर्फ घर नहीं, सुरक्षा और सम्मान का आधार
गृह प्रवेश करने वाले परिवारों को शुभकामनाएं देते हुए कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि पक्का आवास केवल ईंट-गारे की संरचना नहीं, बल्कि परिवार की सुरक्षा, सम्मान और उज्ज्वल भविष्य का मजबूत आधार है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र परिवार को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराया जाए और शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने हितग्राहियों से आवास के साथ अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। अधिकारियों को शेष स्वीकृत आवासों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने तथा आगामी सेवा संकल्प अभियान की तैयारियां समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
सेवा संकल्प अभियान से पहले बड़ी उपलब्धि
आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक प्रस्तावित सेवा संकल्प अभियान से पहले जिले में एक साथ हजारों परिवारों का पक्के घर में प्रवेश प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। प्रशासन के अनुसार मैदानी अमले की लगातार निगरानी और मार्गदर्शन के चलते आवास निर्माण कार्यों को समय-सीमा के भीतर पूरा किया गया है।
हितग्राहियों ने जताया प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आभार
नए घर में प्रवेश करने वाले हितग्राहियों ने पक्के आवास का सपना पूरा होने पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया। हितग्राहियों ने कहा कि पक्का घर मिलने से उनके परिवार को सुरक्षा के साथ सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिला है।
हितग्राहियों ने सेवा संकल्प अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने और विकसित भारत 2047 के संकल्प में अपनी भूमिका निभाने की बात भी कही।
जिला प्रशासन ने शेष स्वीकृत आवासों को भी जल्द पूरा कराने और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई है।




पाठकों की टिप्पणियां 0