नदीम खान सूरजपुर
सूरजपुर। चौकी बसदेई क्षेत्र से लापता हुए 9 वर्षीय बालक को सूरजपुर पुलिस और बाल कल्याण समिति (CWC) की संयुक्त टीम ने महाराष्ट्र के मुंबई से सकुशल बरामद कर लिया है। बालक को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश करने के बाद काउंसलिंग कर परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को बालक घर से अपने पिता के पास जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन बालक का कोई पता नहीं चला। इसके बाद चौकी बसदेई में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले में धारा 137(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर बालक की तलाश शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरजपुर पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने बालक की हरसंभव पतासाजी कर जल्द दस्तयाबी के निर्देश दिए। जांच के दौरान पुलिस को बालक के कल्याण, मुंबई में होने की जानकारी मिली।
इसके बाद पुलिस एवं CWC की टीम महाराष्ट्र के लिए रवाना हुई। टीम ने उल्हासनगर स्थित बाल कल्याण समिति, महाराष्ट्र से बालक को अपने संरक्षण में लिया और उसे सुरक्षित सूरजपुर वापस लाया।
बालक को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया। काउंसलिंग के बाद उसे उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
पूछताछ में बालक ने बताया कि वह पढ़ाई और स्कूल जाने से बचने के लिए 2-3 ट्रेनों में सफर करते हुए मुंबई पहुंच गया था।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं सीएसपी बेनार्ड कुजूर के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी बसदेई रघुवंश सिंह, प्रधान आरक्षक शिवकुमार सारथी, आरक्षक विकास पटेल तथा CWC के दो सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।




पाठकों की टिप्पणियां 0