चिरमिरी ।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा एवं नगर पुलिस अधीक्षक रवि कुजूर के मार्गदर्शन में थाना चिरमिरी पुलिस द्वारा चोरी के मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
ज्ञात हो कि 02 सितंबर 2026 को प्रार्थी मनीष कुमार पैकरा, निवासी बी-टाइप गोदरीपारा द्वारा व्यवहार न्यायालय चिरमिरी में आवेदन प्रस्तुत कर बताया गया कि अज्ञात आरोपियों द्वारा न्यायालय परिसर में लगे एसी का कॉपर (तांबा) पाइप चोरी कर लिया गया है। रिपोर्ट पर थाना चिरमिरी में अपराध क्रमांक 337/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान थाना प्रभारी चिरमिरी वासुदेव परगनिहा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा आरोपी जितेश कुमार, निवासी छोटाबाजार को पकड़कर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी अजय उर्फ अज्जू सोनवानी, निवासी बड़ा बाजार के साथ चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों द्वारा चोरी किए गए कॉपर पाइप को मनेंद्रगढ़ स्थित चुनमुन के कबाड़ दुकान में बेचना बताया गया। पुलिस द्वारा चोरी का माल बरामद कर पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था।
प्रकरण में चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी रियाजुद्दीन उर्फ चुनमुन निवासी मनेंद्रगढ़ को 04 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
इस सम्पूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी चिरमिरी वासुदेव परगनिहा, सहायक उप निरीक्षक विपिन मिंज, प्रधान आरक्षक 54 अशोक मलिक एवं आरक्षक 133 सुरेश तिग्गा की सराहनीय भूमिका रही।




पाठकों की टिप्पणियां 0