LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
13 Aug 2026
ब्रेकिंग

मनेंद्रगढ़ में तिरंगे का गौरव, हजारों कदमों ने लिखी देशभक्ति की कहानी,

मनेंद्रगढ़ में तिरंगे का गौरव, हजारों कदमों ने लिखी देशभक्ति की कहानी,
मनेंद्रगढ़ में तिरंगे का गौरव, हजारों कदमों ने लिखी देशभक्ति की कहानी,। फोटो: आज का दिन न्यूज़

स्वतंत्रता दिवस से पहले एमसीबी में भव्य तिरंगा यात्रा; स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दिखाई हरी झंडी, शहर में गूंजे ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयकारे,

मनेंद्रगढ़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत एमसीबी जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में देशभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा में हजारों नागरिक हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर सड़कों पर उतरे। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने खेड़िया तिराहे से यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यात्रा में कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह, जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, विद्यार्थी, सामाजिक संगठनों के सदस्य और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।

खेड़िया तिराहे से निकली तिरंगा यात्रा

खेड़िया तिराहे पर राष्ट्रध्वज को नमन करने के बाद स्वास्थ्य मंत्री और प्रशासनिक अधिकारियों ने तिरंगा यात्रा को रवाना किया। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों के बीच यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से होकर गुजरी। जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया।

विद्यार्थियों ने बढ़ाया देशभक्ति का उत्साह

तिरंगा यात्रा में स्कूली विद्यार्थियों की विशेष भागीदारी रही। छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति गीतों और नारों के साथ आगे बढ़े। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। विद्यार्थियों ने राष्ट्रध्वज के सम्मान और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का संदेश भी दिया।

स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन

यात्रा का समापन स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल परिसर में हुआ, जहां स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि भारत की आजादी लाखों वीर सपूतों के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अनेक ऐसे क्रांतिकारी और स्वतंत्रता सेनानी रहे, जिनका नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज नहीं हो सका, लेकिन उनके संघर्ष और बलिदान का देश की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान रहा।

हर घर तिरंगा’ को बताया राष्ट्र सम्मान का अभियान

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने वाला अभियान है। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रध्वज का सम्मान करने, संविधान के प्रति निष्ठा रखने और स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 1947 भारत के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है, जिसे प्रत्येक भारतीय को गर्व और सम्मान के साथ याद करना चाहिए।

युवाओं से देश निर्माण में भागीदारी की अपील

मंत्री ने कहा कि युवा भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं। देशभक्ति, अनुशासन और सेवा की भावना के साथ युवा आगे बढ़ेंगे तो भारत को विश्व में और अधिक सशक्त राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे। उन्होंने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों, संस्थानों और प्रतिष्ठानों में सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की।

सुरक्षा के रहे व्यापक इंतजाम

तिरंगा यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए थे। पुलिस की निगरानी में यात्रा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। शहर के विभिन्न मार्गों पर यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनाए रखी गई।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान के साथ देश की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए संकल्प लिया। मनेंद्रगढ़ की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश देता नजर आया। हजारों लोगों की सहभागिता ने यह साबित किया कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश के गौरव, सम्मान और करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का प्रतीक है।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0