LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
24 Aug 2026
ब्रेकिंग

मनेन्द्रगढ़ मेडिकल कॉलेज की स्वशासी समिति की बैठक सरगुजा कमिश्नर की अध्यक्षता में हुई संपन्न, सुरक्षा से डिजिटल व्यवस्था तक लिए गए कई अहम निर्णय,

मनेन्द्रगढ़ मेडिकल कॉलेज की स्वशासी समिति की बैठक सरगुजा कमिश्नर की अध्यक्षता में हुई संपन्न, सुरक्षा से डिजिटल व्यवस्था तक लिए गए कई अहम निर्णय,
मनेन्द्रगढ़ मेडिकल कॉलेज की स्वशासी समिति की बैठक सरगुजा कमिश्नर की अध्यक्षता में हुई संपन्न, सुरक्षा से डिजिटल व्यवस्था तक लिए गए कई अहम निर्णय,। फोटो: आज का दिन न्यूज़

मनेंद्रगढ़ । शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय मनेन्द्रगढ़ की स्वशासी समिति (प्रबंधकारिणी सभा) की प्रथम वार्षिक बैठक बुधवार को मेडिकल कॉलेज के परिषद (काउंसिल) कक्ष में सरगुजा संभाग के संभागायुक्त एवं समिति के अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार दुग्गा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मेडिकल कॉलेज के समग्र विकास, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण, प्रशासनिक व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी बनाने तथा भविष्य की कार्ययोजना को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा करते हुए अहम निर्णय लिए गए।

     बैठक में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सुश्री संतन देवी जांगड़े, अपर कलेक्टर अनिल कुमार सिदार, अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता, संयुक्त संचालक सह अस्पताल अधीक्षक, मेडिकल कॉलेज मनेन्द्रगढ़ की विभागाध्यक्ष डॉ. सुपर्णा गांगुली, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अविनाश खरे, प्राध्यापक मेडिसिन डॉ. जयपाल चन्द्रवंशी, लोक निर्माण विभाग, सीजीएमएससी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, कोषालय अधिकारी, सीपीडब्ल्यूडी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) लिंगराज सिदार, 220 बिस्तरीय सिविल अस्पताल के अधीक्षक, नोडल कार्यालय अंबिकापुर के प्रशासनिक अधिकारी, नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित समिति के सदस्य एवं विशेष आमंत्रित सदस्य उपस्थित रहे।

     बैठक में अस्पताल परिसर में मरीजों, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से मेडिकल कॉलेज परिसर में पुलिस चौकी स्थापित करने के प्रस्ताव पर सहमति व्यक्त की गई। इससे अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध हो सकेगी।

डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए अस्पताल के समस्त रिकॉर्ड को डिजिटल स्वरूप में संधारित करने, ऑनलाइन सेवाओं का विस्तार करने तथा सूचना प्रौद्योगिकी आधारित व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने के लिए हाईटेक आईटी विभाग स्थापित करने का निर्णय लिया गया।

    बैठक में शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय मनेन्द्रगढ़ की अलग और विशिष्ट पहचान स्थापित करने के उद्देश्य से संस्थान के आधिकारिक प्रतीक चिन्ह (लोगो) का आकर्षक एवं संस्थान की गरिमा के अनुरूप डिजाइन तैयार किया गया है। उसका चयन करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि ऐसा लोगो तैयार किया जाए, जो मेडिकल कॉलेज की पहचान, उद्देश्य तथा चिकित्सा शिक्षा की गरिमा को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित कर सके।

      बैठक में प्रशासनिक एवं वित्तीय कार्यों में पारदर्शिता, त्वरित निर्णय प्रक्रिया और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए स्वशासी नियमावली एवं आदर्श नियमों को अपनाने का निर्णय लिया गया। साथ ही प्रशासनिक कार्यों, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं एवं मरीजों के रेफरल कार्यों को निर्बाध बनाए रखने के लिए आवश्यकता के अनुसार वाहनों को किराये पर लेने की प्रक्रिया भी निर्धारित की गई।

     बैठक को संबोधित करते हुए संभागायुक्त नरेन्द्र कुमार दुग्गा ने कहा कि शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण संस्थान है। यह केवल भावी चिकित्सकों के प्रशिक्षण का केंद्र ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रमुख माध्यम भी है।    

      उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार, समय पर जांच, पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं सुनिश्चित करना सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

     उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए मेडिकल कॉलेज की अधोसंरचना को मजबूत किया जाए। आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, मानव संसाधनों की पूर्ति, वित्तीय एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ अस्पताल में स्वच्छता, अनुशासन एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

      संभागायुक्त ने कहा कि मेडिकल कॉलेज का विकास चरणबद्ध एवं दीर्घकालिक योजना के अनुरूप किया जाए, जिससे भविष्य में यह संस्थान पूरे सरगुजा संभाग सहित आसपास के जिलों के लिए उत्कृष्ट चिकित्सा एवं चिकित्सा शिक्षा का अग्रणी केंद्र बन सके।   

     उन्होंने बैठक में प्रस्तुत सभी प्रस्तावों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप मेडिकल कॉलेज को सभी आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित कर मरीज-केंद्रित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए ।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Advertisement
15-augstslides11
15-augstslides10
15-augstslides9
15-augstslides8
15-augstslides7
15-augstslides6
15-augstslides5
15-augstslides1
15-augstslides
Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0