मानव सेवा के कार्यों को गति देने बनी रणनीति, नई जिला प्रबंधन टीम के गठन और कलेक्टरों की बैठक पर भी बनी सहमति,
सूरजपुर/रायपुर, 03 अगस्त 2026। इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी की प्रदेश स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक राजधानी रायपुर स्थित रेड क्रॉस भवन में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेशभर के जिला चेयरमैन, सचिव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में विभिन्न जिलों में संचालित जनसेवा गतिविधियों की समीक्षा करते हुए संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक की अध्यक्षता राज्य चेयरमैन तोमन साहू ने की। इस अवसर पर राज्य जनरल सेक्रेटरी डॉ. रूपल पुरोहित, प्रदेश पदाधिकारी, राष्ट्रीय एवं प्रदेश प्रतिनिधि प्रबंध समिति के सदस्य, सभी जिलों के जिला चेयरमैन, सचिव तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी जिलों ने अपने-अपने क्षेत्र में संचालित राहत कार्यों, रक्तदान, स्वास्थ्य सेवाओं, सामाजिक गतिविधियों तथा आय-व्यय का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। साथ ही आगामी महीनों की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा कर मानव सेवा से जुड़े कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने की रणनीति तैयार की गई।
प्रदेश स्तर पर पहली बार सूरजपुर की प्रभावी भागीदारी
बैठक की विशेष उपलब्धि यह रही कि पहली बार सूरजपुर जिले का प्रतिनिधित्व जिला चेयरमैन बाबूलाल अग्रवाल तथा जिला सचिव एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कपिल देव पैकरा ने किया। दोनों अधिकारियों ने जिले में संचालित रेड क्रॉस गतिविधियों, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी साझा की। प्रदेश नेतृत्व ने सूरजपुर की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए जिले में संगठन की गतिविधियों को और विस्तार देने पर जोर दिया।
जल्द होगा राज्य चेयरमैन का सूरजपुर दौरा
बैठक में जानकारी दी गई कि इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के राज्य चेयरमैन तोमन साहू शीघ्र ही सूरजपुर का दौरा करेंगे। प्रस्तावित दौरे के दौरान जिले में संचालित रेड क्रॉस गतिविधियों की समीक्षा, स्थानीय आवश्यकताओं का आकलन तथा नए जनसेवा कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
सहयोग नहीं करने वाले अधिकारियों पर जताई नाराजगी
बैठक में कुछ जिलों से यह मुद्दा भी सामने आया कि कई स्थानों पर संबंधित अधिकारियों द्वारा रेड क्रॉस की गतिविधियों में अपेक्षित सहयोग नहीं दिया जा रहा है। इस पर प्रदेश नेतृत्व ने नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट किया कि मानव सेवा से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।
सभी कलेक्टरों की होगी विशेष बैठक
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों की जल्द ही एक विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। चूंकि प्रत्येक जिला कलेक्टर रेड क्रॉस सोसायटी की जिला शाखा के पदेन अध्यक्ष होते हैं, इसलिए इस बैठक में जिला स्तर पर संगठन को अधिक सक्रिय बनाने तथा प्रशासनिक सहयोग सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
सूरजपुर में बनेगी नई प्रबंधन टीम
बैठक में सूरजपुर जिला शाखा की नई प्रबंधन टीम के गठन पर भी सहमति बनी। नई टीम के गठन के बाद रक्तदान अभियान, स्वास्थ्य शिविर, आपदा राहत, प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण, युवा स्वयंसेवक कार्यक्रम और अन्य सामाजिक गतिविधियों को अधिक व्यवस्थित एवं व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। इसके लिए प्रभारी, संयोजक एवं सदस्यों की जिम्मेदारियां भी तय की जाएंगी।
मानव सेवा के संकल्प को मिलेगी नई दिशा
प्रदेश स्तरीय यह बैठक केवल समीक्षा तक सीमित नहीं रही, बल्कि रेड क्रॉस की जनसेवा गतिविधियों को नई दिशा और गति देने का प्रभावी मंच साबित हुई। सूरजपुर की सक्रिय भागीदारी, राज्य चेयरमैन के प्रस्तावित दौरे और संगठनात्मक मजबूती के लिए लिए गए निर्णयों से उम्मीद है कि आने वाले समय में जिले में रेड क्रॉस की सेवाएं और अधिक प्रभावी, संगठित तथा जनहितकारी स्वरूप में सामने आएंगी।


पाठकों की टिप्पणियां 0