SING फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ की सहभागिता, CEO राउंडटेबल में प्रमुख निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों से करेंगे चर्चा
रायपुर, 3 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में निवेश की नई संभावनाओं को विस्तार देने और राज्य को वैश्विक निवेश मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार को सिंगापुर पहुंचे। सिंगापुर पहुंचने पर भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।
भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने प्रथम SING फोरम 2026 में सहभागिता के लिए छत्तीसगढ़ को नामित किया है। सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर मुख्यमंत्री साय छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों, विकास की संभावनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में निवेश के अवसरों को वैश्विक निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।
CEO राउंडटेबल में निवेशकों से होगी चर्चा
SING फोरम 2026 के दौरान आयोजित CEO राउंडटेबल में मुख्यमंत्री सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से चर्चा करेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक विकास और विभिन्न उभरते क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों को प्रमुखता से रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य नई औद्योगिक नीति, प्रचुर प्राकृतिक संसाधनों, मजबूत अधोसंरचना, कुशल मानव संसाधन और उभरते क्षेत्रों की संभावनाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित करना है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक निवेश मानचित्र पर छत्तीसगढ़ की मजबूत पहचान बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सिंगापुर में होने वाली यह सहभागिता राज्य की निवेश क्षमता और विकास की संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
वैश्विक मंच पर छत्तीसगढ़ की ब्रांडिंग
मुख्यमंत्री की SING फोरम 2026 में सहभागिता के दौरान छत्तीसगढ़ के औद्योगिक वातावरण, उपलब्ध संसाधनों, अधोसंरचना, मानव संसाधन और निवेश के संभावित क्षेत्रों को वैश्विक निवेशकों के सामने रखने का अवसर मिलेगा। राज्य सरकार की ओर से इस मंच का उपयोग नए निवेश प्रस्तावों और औद्योगिक सहयोग की संभावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए किया जाएगा।




पाठकों की टिप्पणियां 0