महादेव घाट में आयोजित आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम में शामिल हुए CM साय, प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की
रायपुर, 17 सितम्बर 2026। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के महादेव घाट में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत खारुन नदी के तट पर सवा लाख दीप प्रज्वलित किए गए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय शामिल हुए और खारुन मैया की महाआरती में सहभागिता करते हुए प्रधानमंत्री श्री मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
सवा लाख दीपों के प्रज्वलन से महादेव घाट का परिसर रोशनी से जगमगा उठा। इस दौरान साध्वी प्रज्ञा भारती एवं आचार्यों द्वारा विधि-विधान से खारुन मैया की महाआरती की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक और स्वयंसेवक मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भी 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, उन्होंने इसे स्नेह की ऐसी अभिव्यक्ति बताया जो उन्हें गहराई से छू गई और कहा कि लोगों का प्रत्येक आशीर्वाद देश की सेवा के उनके संकल्प को और मजबूत करता है।
CM साय ने कहा—जनसेवा और राष्ट्र निर्माण को मिली गति
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं निर्णयों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपना जीवन राष्ट्र और जनसेवा के लिए समर्पित किया है तथा उनके नेतृत्व में देश में विकास और जनकल्याण से जुड़े अनेक कार्य हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खारुन तट पर प्रज्वलित सवा लाख दीप प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री श्री मोदी के प्रति शुभकामनाओं और स्नेह की अभिव्यक्ति हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
महाआरती में शामिल हुए मुख्यमंत्री
विराट दीपोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने खारुन मैया की महाआरती में सहभागिता की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को समर्पित साध्वी प्रज्ञा भारती द्वारा रचित एवं स्वरबद्ध गीत का विमोचन भी किया गया।
अनुच्छेद 370 से राम मंदिर तक के फैसलों का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में लिए गए विभिन्न राष्ट्रीय निर्णयों का उल्लेख करते हुए अनुच्छेद 370 के प्रावधानों में बदलाव और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण सहित कई विषयों को रेखांकित किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीबों और वंचित वर्गों के लिए आवास, शौचालय, जन-धन खाते, रसोई गैस कनेक्शन, खाद्य सुरक्षा तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित योजनाओं को आगे बढ़ाया है।
PM मोदी के साथ काम करने का अनुभव साझा किया
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में उन्हें केंद्रीय राज्यमंत्री के रूप में कार्य करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि उस दौरान उन्हें प्रधानमंत्री की कार्यशैली, अनुशासन और कार्य के प्रति समर्पण को करीब से देखने का अवसर मिला।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है।
बस्तर में विकास और सुरक्षा को लेकर भी बोले CM साय
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से बस्तर में सड़क, बिजली, मोबाइल कनेक्टिविटी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं के विस्तार पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शांति के वातावरण में बस्तर की प्राकृतिक संपदा, पर्यटन, संस्कृति और वनोपज आधारित अर्थव्यवस्था को स्थानीय रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
एक महीने तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता और जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियां जनभागीदारी के साथ आयोजित की जाएंगी। उन्होंने प्रदेशवासियों से अभियान में सहभागिता की अपील की।
मुख्यमंत्री के अनुसार, राजधानी रायपुर में विभिन्न स्थानों पर लगभग 32 लाख दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर शुभकामनाएं व्यक्त की जा रही हैं। उन्होंने दीप को भारतीय संस्कृति में आशा, विश्वास और प्रकाश का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं कार्यक्रम की संयोजक श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, विधायक श्री राजेश मूणत एवं श्री मोतीलाल साहू, रायपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।




पाठकों की टिप्पणियां 0