सेवा संकल्प अभियान 2026 के द्वितीय चरण का शुभारंभ; मेडिकल कॉलेज मनेंद्रगढ़ के प्रवेश उत्सव एवं स्वास्थ्य शिविर में मंत्री ने किया रक्तदान
मनेंद्रगढ़। सेवा संकल्प अभियान 2026 के द्वितीय चरण के शुभारंभ अवसर पर स्थानीय विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को मानव सेवा के इस महत्वपूर्ण अभियान से जुड़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जरूरत के समय रक्त किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और स्वस्थ लोगों को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
मेडिकल कॉलेज मनेंद्रगढ़ में आयोजित प्रथम वर्ष प्रवेश उत्सव एवं वृहद स्वास्थ्य शिविर के दौरान रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसी शिविर में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने रक्तदान किया। मंत्री के रक्तदान करने से शिविर में मौजूद लोगों में भी उत्साह देखने को मिला और कई लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरणा मिली।
19 यूनिट रक्त एकत्रित
रक्तदान शिविर के दौरान कुल 19 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि रक्तदान केवल सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का माध्यम नहीं है, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने की दिशा में किया गया महत्वपूर्ण योगदान है।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। रक्त की जरूरत किसी भी व्यक्ति को अचानक पड़ सकती है, ऐसे में रक्तदान करने वाले लोगों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण हो जाता है।
अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना उद्देश्य
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। रक्तदान भी इसी सेवा भावना का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं रक्तदान करें और अपने आसपास के लोगों को भी रक्तदान के प्रति जागरूक करें, ताकि जरूरत के समय अधिक से अधिक लोगों को रक्त उपलब्ध कराया जा सके।




पाठकों की टिप्पणियां 0