प्रयास आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 10 मई को: कक्षा 9 वीं में प्रवेश हेतु एडमिट कार्ड डाउनलोड शुरू, विद्यार्थियों के लिए जरूरी दिशा- निर्देश जारी,

प्रयास आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 10 मई को: कक्षा 9 वीं में प्रवेश हेतु एडमिट कार्ड डाउनलोड शुरू, विद्यार्थियों के लिए जरूरी दिशा- निर्देश जारी,

मनेंद्रगढ़ । कलेक्टर (आदिवासी विकास) कार्यालय, मनेंद्रगढ़- चिरमिरी- भरतपुर द्वारा मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना अंतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु कक्षा 9 वीं में प्रवेश के लिए आयोजित चयन परीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। 

      जारी आदेश के अनुसार प्रयास बालक एवं कन्या आवासीय विद्यालयों में प्रवेश हेतु पात्र विद्यार्थियों की प्रवेश परीक्षा 10 मई 2026, रविवार को आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों की रिपोर्टिंग प्रातः 9:00 बजे से 9:30 बजे तक निर्धारित की गई है, जबकि निरीक्षक द्वारा OMR शीट भरवाने की प्रक्रिया प्रातः 9:30 बजे से 10:00 बजे तक चलेगी। इसके पश्चात परीक्षा प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित की जाएगी।

      परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थी संबंधित वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in/PRSMS/Student-Admission-Detail से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में कम से कम एक घंटा पहले पहुंचना अनिवार्य होगा।     

      विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र के साथ नवीनतम पासपोर्ट साइज के दो फोटो लाना अनिवार्य रहेगा। परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, कैलकुलेटर अथवा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही परीक्षार्थियों को आधार कार्ड अथवा विद्यालय परिचय पत्र जैसे फोटोयुक्त पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।

      परीक्षा के दौरान केवल नीले अथवा काले बॉलपॉइंट पेन का ही उपयोग मान्य रहेगा। यदि किसी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र अथवा प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में किसी प्रकार की कठिनाई होती है तो वे कार्यालय कलेक्टर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, जिला मनेन्द्रगढ़- चिरमिरी- भरतपुर में प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:30 बजे तक संपर्क कर सकते हैं। विभाग द्वारा अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय एवं जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करते हुए परीक्षा में सम्मिलित हों।