सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत पात्र विद्यार्थियों का हुआ मूल्यांकन, ब्लाइंड टैब, स्मार्टफोन और स्मार्ट केन के लिए पंजीयन
मनेंद्रगढ़। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत 3 अक्टूबर 2026 को नेत्रहीन विद्यालय, आमाखेरवा में समाज कल्याण विभाग द्वारा एक दिवसीय विशेष दिव्यांगजन मूल्यांकन शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य दृष्टिबाधित छात्र-छात्राओं को आधुनिक तकनीकी उपकरणों से जोड़कर उनकी शिक्षा, संवाद और दैनिक जीवन को अधिक सुगम बनाना तथा उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना रहा।
शिविर में एलिमको (ALIMCO), कानपुर के विशेषज्ञों के साथ समाज कल्याण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। इस दौरान विद्यालय में अध्ययनरत दृष्टिबाधित छात्र-छात्राओं का उनकी पात्रता के अनुसार मूल्यांकन किया गया।
मूल्यांकन के बाद पात्र विद्यार्थियों को विभिन्न आधुनिक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए पंजीयन किया गया। इनमें ब्लाइंड टैब, स्मार्टफोन तथा ब्रेल केन/स्मार्ट केन जैसे उपकरण शामिल हैं। ब्लाइंड टैब का उपयोग डिजिटल शिक्षा को अधिक सुलभ बनाने, स्मार्टफोन का उपयोग संवाद एवं अध्ययन में सहायता के लिए तथा स्मार्ट केन का उपयोग सुरक्षित एवं स्वतंत्र आवाजाही के लिए किया जा सकेगा।
अधिकारियों ने बताया कि आधुनिक तकनीक और सहायक उपकरण दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए शिक्षा एवं दैनिक गतिविधियों में आने वाली कई बाधाओं को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इस तरह की पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ते हुए शिक्षा, आत्मनिर्भरता और समान अवसर को बढ़ावा देना है।
शिविर में पहुंचे छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए समाज कल्याण विभाग और एलिमको कानपुर के प्रति आभार व्यक्त किया।




पाठकों की टिप्पणियां 0