20 से 22 नवंबर तक होंगे ऑनलाइन आवेदन, नए अभ्यर्थियों को भी पंजीयन का अवसर; सभी पात्र उम्मीदवारों के लिए दोबारा च्वाइस फिलिंग अनिवार्य
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नर्सिंग पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए दूसरे और तीसरे चरण (मॉप-अप राउंड) की संयुक्त काउंसिलिंग आयोजित की जा रही है। राज्य काउंसिलिंग समिति, संचालनालय चिकित्सा शिक्षा द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, अभ्यर्थी 20 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे से 22 नवंबर को दोपहर 2 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
इस संयुक्त काउंसिलिंग में बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
नए अभ्यर्थियों को भी मिलेगा मौका
इस चरण की खास बात यह है कि इसमें नए अभ्यर्थी भी ऑनलाइन पंजीयन कर सकेंगे। वहीं, पहले से पंजीकृत पात्र उम्मीदवारों को भी संस्थाओं और पाठ्यक्रमों का दोबारा चयन करने का अवसर मिलेगा। काउंसिलिंग में शामिल होने वाले सभी पात्र अभ्यर्थियों के लिए नए सिरे से विकल्प भरना और उन्हें लॉक करना अनिवार्य किया गया है।
पहले चरण में प्रवेश प्राप्त कर चुके पात्र अभ्यर्थियों को भी नियमानुसार सीट अपग्रेडेशन का विकल्प दिया जाएगा।
10 पर्सेंटाइल तक अंक पाने वाले भी कर सकेंगे आवेदन
बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा में 10 पर्सेंटाइल तक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को भी इस चरण में पंजीयन और संस्था चयन की अनुमति दी गई है। हालांकि, यह छूट केवल बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम के लिए लागू होगी।
रिक्त सीटों की श्रेणी में भी हो सकता है बदलाव
संयुक्त काउंसिलिंग के दौरान बची हुई रिक्त सीटों के संवर्ग, श्रेणी और नियतांश में परिवर्तन छत्तीसगढ़ नर्सिंग पाठ्यक्रम प्रवेश नियम, 2026 के नियम 10 एवं 11 के प्रावधानों के अनुसार किया जाएगा।
समिति ने सभी पात्र अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे आवेदन, विकल्प चयन, सीट आवंटन और प्रवेश से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए संचालनालय चिकित्सा शिक्षा की आधिकारिक वेबसाइट www.cgdme.in नियमित रूप से देखते रहें।
महत्वपूर्ण तिथियां
- ऑनलाइन पंजीयन प्रारंभ: 20 नवंबर 2026, सुबह 11 बजे
- आवेदन की अंतिम तिथि: 22 नवंबर 2026, दोपहर 2 बजे
- विकल्प भरना और लॉक करना: सभी पात्र अभ्यर्थियों के लिए अनिवार्य


पाठकों की टिप्पणियां 0