LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
20 Nov 2026
ब्रेकिंग

छत्तीसगढ़ में स्पेशल एजुकेटर के 38 पदों पर सीधी भर्ती, 20 नवंबर से आवेदन शुरू

छत्तीसगढ़ में स्पेशल एजुकेटर के 38 पदों पर सीधी भर्ती, 20 नवंबर से आवेदन शुरू
छत्तीसगढ़ में स्पेशल एजुकेटर के 38 पदों पर सीधी भर्ती, 20 नवंबर से आवेदन शुरू। फोटो: आज का दिन न्यूज़

4 दिसंबर शाम 5 बजे तक जमा कर सकेंगे आवेदन, बस्तर से सरगुजा तक पांच संभागीय कार्यालयों में होगी आवेदन प्रक्रिया

रायपुर। छत्तीसगढ़ में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में स्पेशल एजुकेटर के 38 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। लोक शिक्षण संचालनालय ने इस संबंध में संक्षिप्त भर्ती विज्ञापन जारी किया है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 20 नवंबर 2026 से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 4 दिसंबर 2026 को शाम 5 बजे निर्धारित की गई है।

लोक शिक्षण संचालनालय से मिली जानकारी के अनुसार, स्पेशल एजुकेटर के 38 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए विस्तृत विज्ञापन और आवेदन का निर्धारित प्रारूप विभागीय वेबसाइट https://eduportal.cg.nic.in/ पर उपलब्ध कराया गया है। अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र व्यक्तिगत रूप से अथवा पंजीकृत डाक के माध्यम से जमा कर सकते हैं।

पांच संभागीय कार्यालयों में जमा होंगे आवेदन

भर्ती के लिए आवेदन पत्र प्रदेश के पांच संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा कार्यालयों में स्वीकार किए जाएंगे। इनमें बस्तर, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर और सरगुजा संभाग शामिल हैं। आवेदन सभी कार्यालयीन दिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जमा किए जा सकेंगे।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित कार्यालयों के अलावा किसी अन्य कार्यालय में जमा किए गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

एक आवेदन से सभी संभागों के पदों के लिए कर सकेंगे आवेदन

अभ्यर्थियों के लिए राहत की बात यह है कि प्रत्येक जिले या संभाग के लिए अलग-अलग आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी। एक ही आवेदन पत्र प्रदेश के सभी जिलों एवं संभागों में विज्ञापित रिक्त पदों के लिए मान्य होगा।

निर्धारित अंतिम तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। इसलिए अभ्यर्थियों को समय सीमा का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।

मेरिट सूची और चयन संबंधी जानकारी वेबसाइट पर

लोक शिक्षण संचालनालय ने बताया है कि आवेदन पत्र की वैधता, मेरिट सूची, चयन प्रक्रिया और भर्ती से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं विभागीय वेबसाइट पर समय-समय पर जारी की जाएंगी। इस संबंध में अभ्यर्थियों को अलग से पत्र व्यवहार नहीं किया जाएगा।

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले विस्तृत भर्ती विज्ञापन में दी गई शैक्षणिक योग्यता, पात्रता और अन्य शर्तों का अच्छी तरह अध्ययन कर लें तथा भर्ती से जुड़ी नवीनतम जानकारी के लिए विभागीय वेबसाइट नियमित रूप से देखते रहें।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0