एमसीबी/03 अगस्त 2026
सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राशनकार्डों में दर्ज सदस्यों की ई-केवाईसी शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के उद्देश्य से खाद्य विभाग ने अभियान में तेजी लाने के निर्देश जारी किए हैं। खाद्य अधिकारी, जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर द्वारा सभी खाद्य निरीक्षकों को अति आवश्यक एवं अंतिम स्मरण पत्र जारी करते हुए निर्देशित किया गया है कि अपने-अपने प्रभार क्षेत्र की सभी उचित मूल्य दुकानों की नियमित समीक्षा कर शेष पात्र सदस्यों की ई-केवाईसी सर्वाेच्च प्राथमिकता के आधार पर तत्काल पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
विभागीय पोर्टल पर 28 जुलाई 2026 की स्थिति के अनुसार जिले में कुल 1,16,582 राशनकार्डों में 3,65,669 सदस्य पंजीकृत हैं। इनमें से 3,26,881 सदस्यों की ई-केवाईसी सत्यापित हो चुकी है, जबकि 29,229 वास्तविक सदस्य अब भी ई-केवाईसी से वंचित हैं। इसके अतिरिक्त 992 ई-केवाईसी स्वीकृति प्रकरण, 37,796 सदस्य ई-केवाईसी हेतु लंबित, 10,286 ए.पी.एल. श्रेणी के सदस्य तथा 5 वर्ष से कम आयु के 9,559 बच्चों की ई-केवाईसी भी लंबित है।
खाद्य अधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक उचित मूल्य दुकान से ई-केवाईसी पूर्णता प्रमाण-पत्र, शेष सदस्यों की कारणवार एवं सदस्यवार जानकारी, 60 वर्ष से अधिक आयु के हितग्राहियों, दिव्यांगजनों, डुप्लीकेट राशनकार्डधारकों तथा आधार रहित सदस्यों की पृथक सूची निर्धारित प्रारूप में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि सभी जानकारी समय-सीमा में कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए, ताकि संचालक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय को जिले की अद्यतन प्रगति तत्काल प्रेषित की जा सके और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत शत-प्रतिशत ई-केवाईसी का लक्ष्य समयबद्ध रूप से हासिल किया जा सके।


पाठकों की टिप्पणियां 0