ELC Future Voters क्लब के तहत विद्यार्थियों ने संभाली चुनावी जिम्मेदारियां, मतदान केंद्र की पूरी व्यवस्था का किया व्यावहारिक अभ्यास
चिरमिरी। लोकतांत्रिक प्रक्रिया को किताबों तक सीमित रखने के बजाय विद्यार्थियों को मतदान की पूरी प्रक्रिया का व्यवहारिक अनुभव कराने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डोमनहिल में मतदाता साक्षरता क्लब (ELC Future Voters) के अंतर्गत मॉक पोल का आयोजन किया गया। 16 सितंबर 2026 को आयोजित इस गतिविधि में विद्यालय परिसर में बनावटी मतदान केंद्र स्थापित कर विद्यार्थियों को चुनाव प्रक्रिया के विभिन्न चरणों का प्रत्यक्ष अभ्यास कराया गया।
कार्यक्रम का आयोजन क्लब की संरक्षक एवं विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती रजनी सालोमन के निर्देशन तथा क्लब के नोडल अधिकारी एवं व्याख्याता के. प्रफुल्ल रेड्डी के मार्गदर्शन में किया गया।
प्राचार्य ने निभाई पीठासीन अधिकारी की भूमिका
मॉक पोल के दौरान प्राचार्य श्रीमती रजनी सालोमन ने पीठासीन अधिकारी की भूमिका निभाई, जबकि क्लब नोडल अधिकारी के. प्रफुल्ल रेड्डी ने मॉक पोल मास्टर ट्रेनर के रूप में विद्यार्थियों को चुनावी प्रक्रिया की जानकारी दी।
मॉक पोल में आंचल, अनुज सोनी, रिबका बड़ा एवं तैहसीम शेख ने प्रत्याशी की भूमिका निभाई। मतदान अधिकारी क्रमांक 01, 02 एवं 03 की जिम्मेदारी क्रमशः सालेहा खातून, आयुषी पटेल एवं साधना ने संभाली।
वहीं इति बैगा, जानकी, गीत बिरहा एवं आयुष बेहरा ने मतदाताओं की भूमिका निभाई। मतदान पुलिसकर्मी की भूमिका आशीष कुमार ने निभाई, जबकि सीफा परवीन, काजल दास एवं कंचन ने मतदान अभिकर्ता की भूमिका का निर्वहन किया।
मॉक पोल में समझी मतदान केंद्र की पूरी व्यवस्था
मॉक पोल के दौरान विद्यार्थियों ने मतदान केंद्र की व्यवस्था और चुनाव प्रक्रिया के विभिन्न चरणों को प्रत्यक्ष रूप से समझा। विद्यार्थियों ने अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाते हुए यह जाना कि मतदान केंद्र पर पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी, मतदाता, मतदान अभिकर्ता और सुरक्षा कर्मी की क्या भूमिका होती है।
इस दौरान विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया, BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) की भूमिका और मतदाता सूची से संबंधित जानकारी भी दी गई। के. प्रफुल्ल रेड्डी ने विद्यार्थियों को मतदान से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से समझाया।
जिम्मेदार भावी मतदाता तैयार करना है ELC का उद्देश्य
शासन के निर्देशानुसार विद्यालय स्तर पर जुलाई 2026 में ELC Future Voters क्लब का गठन किया गया था। क्लब का उद्देश्य विद्यार्थियों को जागरूक एवं जिम्मेदार भावी मतदाता के रूप में तैयार करना है।
क्लब के अंतर्गत नवमतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ मतदाता जागरूकता रैली, भाषण, वाद-विवाद प्रतियोगिता तथा अन्य गतिविधियां आयोजित की जानी हैं।
मॉक पोल के माध्यम से विद्यार्थियों ने मतदान प्रक्रिया को नजदीक से समझा और लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता की भूमिका एवं जिम्मेदारी को जाना। विद्यालय में आयोजित इस गतिविधि ने विद्यार्थियों को भविष्य में जागरूक मतदाता बनने के लिए चुनावी प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया।




पाठकों की टिप्पणियां 0