स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मांग पर दिखाई तत्परता, गंभीर मरीजों को मिलेगी बेहतर आपातकालीन चिकित्सा सुविधा
नदीम खान | सूरजपुर।
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के भटगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लटोरी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) 108 एंबुलेंस की सौगात मिली है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से महज 12 घंटे के भीतर एंबुलेंस की मांग पूरी हुई। 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत आयोजित कार्यक्रम में मंत्री राजवाड़े ने एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मांग के 12 घंटे के भीतर मिली एंबुलेंस
जानकारी के अनुसार, 13 अक्टूबर को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल से लटोरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग की थी। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर एंबुलेंस लटोरी पहुंचा दी गई। इससे क्षेत्र में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
गंभीर मरीजों को मिलेगी बेहतर चिकित्सा सुविधा
ALS एंबुलेंस की उपलब्धता से लटोरी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों में उन्नत चिकित्सा सहायता मिलेगी। गंभीर मरीजों को बेहतर मेडिकल सपोर्ट के साथ उच्च स्वास्थ्य संस्थानों तक सुरक्षित पहुंचाने में यह सुविधा महत्वपूर्ण साबित होगी। खासकर दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में दुर्घटना, गंभीर बीमारी और अन्य मेडिकल इमरजेंसी के दौरान मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मंत्री राजवाड़े ने जताया आभार
एंबुलेंस की सौगात मिलने पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दूरस्थ अंचलों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सुशासन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और जरूरतमंदों तक समय पर चिकित्सा सुविधा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन श्री बाबूलाल अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और अधिकारी उपस्थित रहे।




पाठकों की टिप्पणियां 0