LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
12 Sep 2026
ब्रेकिंग

कुपोषण के खिलाफ नारायणपुर में बड़ी पहल, 13 हजार से अधिक स्कूली बच्चों को रोज मिलेगा पौष्टिक नाश्ता।

कुपोषण के खिलाफ नारायणपुर में बड़ी पहल, 13 हजार से अधिक स्कूली बच्चों को रोज मिलेगा पौष्टिक नाश्ता।
कुपोषण के खिलाफ नारायणपुर में बड़ी पहल, 13 हजार से अधिक स्कूली बच्चों को रोज मिलेगा पौष्टिक नाश्ता।। फोटो: आज का दिन न्यूज़

476 स्कूलों में शुरू हुई योजना, आंगनबाड़ियों में पौष्टिक लड्डू वितरण का भी शुभारंभ,

रायपुर, 11 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत जिले के प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत 13 हजार 15 विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क पौष्टिक नाश्ता योजना का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को कुपोषण से मुक्त करने के उद्देश्य से पौष्टिक लड्डू वितरण कार्यक्रम की भी शुरुआत हुई।

जिले के प्रभारी मंत्री श्री टंक राम वर्मा और वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं बच्चों को पौष्टिक नाश्ता परोसकर उनका उत्साहवर्धन किया।

यह योजना नारायणपुर और ओरछा (अबूझमाड़) विकासखंड के 476 विद्यालयों में लागू की जा रही है। इसके तहत प्रत्येक विद्यार्थी को प्रतिदिन 150 ग्राम ताजा एवं पौष्टिक नाश्ता उपलब्ध कराया जाएगा। बच्चों के पोषण और स्वाद को ध्यान में रखते हुए सप्ताह के अलग-अलग दिनों के लिए संतुलित मेन्यू तैयार किया गया है।

मेन्यू में पोहा-फलीदाना, सूजी का उपमा, दलिया, चना, खड़ा मूंग और मूंगफली जैसे पौष्टिक एवं प्रोटीनयुक्त खाद्य पदार्थ शामिल किए गए हैं। योजना के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले जिले के 676 रसोइयों को प्रतिमाह 800 रुपये का अतिरिक्त मानदेय भी दिया जा रहा है।

प्रशासन का मानना है कि यह पहल केवल बच्चों के पोषण स्तर में सुधार तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों के विद्यालयों में बच्चों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने, स्कूलों में ठहराव सुनिश्चित करने और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

आंगनबाड़ी केंद्रों में शुरू किए गए पौष्टिक लड्डू वितरण कार्यक्रम को भी कुपोषण के खिलाफ अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। इसके माध्यम से बच्चों को अतिरिक्त पोषण उपलब्ध कराने और उनके स्वास्थ्य में सुधार लाने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षक, ग्रामीण और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0