मनेंद्रगढ़। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले के खड़गवां विकासखंड के किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। स्थानीय विधायक एवं प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयासों से छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए खड़गवां ब्लॉक में तीन नए धान उपार्जन केंद्र खोलने की अनुमति प्रदान की है। नए केंद्र उधनापुर, कदरेवा और देवाडांड में स्थापित किए जाएंगे।
इन नए उपार्जन केंद्रों के शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को धान बेचने के लिए दूर-दराज के केंद्रों तक जाने की परेशानी से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। किसानों को अपने गांव और घर के नजदीक धान बिक्री की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे समय, श्रम और परिवहन खर्च की बचत होगी।
शासन की स्वीकृति के अनुसार नए धान उपार्जन केंद्रों पर किसानों की सुविधा और पारदर्शी खरीदी व्यवस्था के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें कंप्यूटर, बायोमेट्रिक सत्यापन उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र और इंटरनेट कनेक्टिविटी सहित आवश्यक व्यवस्थाएं शामिल हैं।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का संबंध कृषक परिवार से रहा है। खेती-किसानी से जुड़े होने के कारण वे किसानों की जमीनी समस्याओं और उनकी आवश्यकताओं से परिचित रहे हैं। इसी पृष्ठभूमि को देखते हुए क्षेत्र में धान खरीदी से जुड़ी सुविधाओं के विस्तार को किसानों के लिए महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
तीन नए उपार्जन केंद्रों की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्र के किसानों और स्थानीय नागरिकों ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया है। वहीं मंत्री श्री जायसवाल ने किसानों के हित में इन केंद्रों की स्वीकृति प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताया है।
नए केंद्रों के संचालन से खड़गवां क्षेत्र में धान खरीदी व्यवस्था के और अधिक सुगम होने तथा किसानों को उपज बेचने के दौरान होने वाली दूरी और परिवहन संबंधी परेशानियों में कमी आने की उम्मीद है।




पाठकों की टिप्पणियां 0