देशभक्ति, सामाजिक सरोकार, हास्य-व्यंग्य और समसामयिक विषयों पर कवियों ने दी प्रभावी प्रस्तुतियां
चिरमिरी। के.बी. पटेल कॉलेज सरभोका, जिला एमसीबी में 21 सितंबर 2026 को भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के IQAC द्वारा NSS के सहयोग से किया गया। सम्मेलन में प्रदेश के प्रसिद्ध कवियों ने अपनी रचनाओं की प्रभावशाली प्रस्तुति से विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कवि सम्मेलन में डॉ. डी.के. उपाध्याय, नरेंद्र मिश्रा ‘धड़कन’, राजेंद्र तिवारी ‘धुरंधर’, राम चरित द्विवेदी एवं संजय चौहान ने अपनी काव्य प्रस्तुतियां दीं। कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से देशभक्ति, सामाजिक सरोकार, मानवीय संवेदनाओं, हास्य-व्यंग्य और समसामयिक विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कवियों की प्रस्तुतियों पर श्रोताओं ने तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।
विद्यार्थियों में साहित्यिक रुचि विकसित करना रहा उद्देश्य
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति रुचि विकसित करने के साथ साहित्यिक एवं सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देना रहा। कवि सम्मेलन के माध्यम से विद्यार्थियों को साहित्य और काव्य की विविध विधाओं से रूबरू होने का अवसर मिला।
जनप्रतिनिधि और महाविद्यालय परिवार रहा मौजूद
कार्यक्रम में चिरमिरी नगर पालिक निगम के पूर्व महापौर के. डमरू रेड्डी, विवेकानंद महाविद्यालय के प्राचार्य राम किनकर पाण्डेय, सुभाष सिंह एवं आत्मानंद विद्यालय के प्राचार्य शुभम अग्रवाल सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए महाविद्यालय के डायरेक्टर विश्वजीत बारिक एवं प्राचार्या श्रीमती मंजुलता कश्यप ने आमंत्रित कवियों और उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




पाठकों की टिप्पणियां 0