चिरमिरी। स्थानीय विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने दौरा कार्यक्रम के दौरान ग्राम जरौंधा स्थित छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं, भोजन, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया।
मंत्री श्री जायसवाल ने विद्यार्थियों से उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं के संबंध में जानकारी ली तथा छात्रावास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान उन्होंने यह जानने का प्रयास किया कि उन्हें भोजन, पेयजल, स्वच्छता और रहने से जुड़ी सुविधाओं में किसी तरह की परेशानी तो नहीं है।
निरीक्षण के दौरान छात्रावास की व्यवस्थाओं को लेकर मंत्री ने संतोष व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि व्यवस्थाओं में कमी या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने तथा भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है।
मंत्री के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को छात्रावास की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने तथा विद्यार्थियों की समस्याओं का समय पर निराकरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
स्वास्थ्य मंत्री के इस औचक निरीक्षण को छात्रावासों में उपलब्ध सुविधाओं की जमीनी स्थिति जानने और विद्यार्थियों की समस्याओं को सीधे समझने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।




पाठकों की टिप्पणियां 0