चिरमिरी में नागरिक सुविधाओं के लिए इण्टक और लोकमंच का साझा संघर्ष, पूर्व महापौर डोमरु रेड्डी ने घेरा निगम प्रशासन को 

चिरमिरी में नागरिक सुविधाओं के लिए इण्टक और लोकमंच का साझा संघर्ष, पूर्व महापौर डोमरु रेड्डी ने घेरा निगम प्रशासन को 

चिरमिरी। नगर निगम चिरमिरी में व्याप्त अव्यवस्थाओं और जनसमस्याओं के समाधान हेतु कांग्रेस समर्थित इण्टक और प्रमुख सामाजिक संगठन 'लोकमंच' ने संयुक्त रूप से हुंकार भरी है। इस विरोध प्रदर्शन में लोकमंच के अध्यक्ष एवं पूर्व महापौर के. डोमरु रेड्डी की उपस्थिति ने आंदोलन को और अधिक मजबूती प्रदान की।

लोकमंच का सशक्त हस्तक्षेप और अध्यक्ष का वक्तव्य :-

      शहर के विकास और जनहित के मुद्दों पर सदैव मुखर रहने वाले लोकमंच के अध्यक्ष के. डोमरु रेड्डी ने निगम प्रशासन की कार्यशैली पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन आम नागरिकों को न्यूनतम सुविधाएं उपलब्ध कराने में भी अक्षम सिद्ध हुआ है।

रेड्डी ने विशेष रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर किया ध्यान आकर्षित 

विफलता का आरोप :- उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली महापौर, विधायक और मंत्रियों की 'ट्रिपल इंजन' सरकार केवल करोड़ों के विकास कार्यों का काल्पनिक ढिंढोरा पीट रही है, जबकि जमीनी हकीकत में जनता बूंद- बूंद पानी और बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रही है।

अधिकारियों की उदासीनता :- उन्होंने आरोप लगाया कि निगम के अधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और जनता की समस्याओं से आंखें मूंदे बैठे हैं।

सामाजिक सरोकार :- लोकमंच ने स्पष्ट किया कि जब तक शहर की बदहाली दूर नहीं होती और जनप्रतिनिधि अपनी जिम्मेदारी नहीं समझते, तब तक उनका संगठन शांत नहीं बैठेगा। 

इण्टक और लोकमंच की संयुक्त 38 सूत्रीय मांगें

        इण्टक के क्षेत्रीय अध्यक्ष अब्दुल सलीम उर्फ राजू और लोकमंच के अध्यक्ष के. डोमरु रेड्डी ने संयुक्त रूप से आयुक्त को 38 बिन्दुओं का मांग पत्र सौंपा।

जिसमें प्रमुख हैं :-

श्रमिक न्याय :- ठेका कर्मचारियों का नियमित वेतन और सामूहिक बीमा सुरक्षा।

जनकल्याण :- पीलिया पीड़ितों को मुआवजा, शुद्ध पेयजल की आपूर्ति और वार्डों में नियमित सफाई।

पारदर्शिता की मांग: निविदा प्रक्रिया में हो रही धांधली और फाइलों की चोरी की उच्च स्तरीय जाँच।

सुविधाओं का विस्तार :- बंद पड़ी सिटी बस, एम्बुलेंस और शव वाहनों का तत्काल संचालन।

मानवीय व्यवस्था :- मुक्तिधाम में लकड़ी का प्रबंध और कड़ाके की ठंड में अलाव की व्यवस्था।

निगम घेराव की चेतावनी :-

पूर्व महापौर रेड्डी और इण्टक नेताओं ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि इन मांगों पर तत्काल विचार कर क्रियान्वयन शुरू नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में इण्टक और लोकमंच के कार्यकर्ता मिलकर नगर निगम का विशाल घेराव करेंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

     आंदोलन में इण्टक और लोकमंच की ओर से राजेन्द्र चाफेकर, सत्यप्रकाश सिंह, संतोष विश्वकर्मा और लोकमंच की ओर से वरुण शर्मा, साबीर खान, आशुतोष मिश्रा, पार्षद इम्तियाज अहमद सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।