एमसीबी जिले के नगरीय निकायों और निर्माण विभागों की समीक्षा बैठक में श्याम बिहारी जायसवाल ने दिए निर्देश, अप्रारंभ कार्यों को तत्काल शुरू करने पर जोर
सड़क, नाली, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश, निर्माण गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की दो टूक चेतावनी
मनेंद्रगढ़। जिले में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार और आगामी गर्मी में पेयजल आपूर्ति की तैयारियों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वीकृति मिलने के बावजूद जो निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हुए हैं, उन्हें तत्काल प्रारंभ किया जाए। वहीं, गर्मी के मौसम में नगरीय क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बाधित होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में नगर निगम चिरमिरी, नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ सहित झगराखण्ड, खोंगापानी, नई लेदरी एवं जनकपुर नगरीय निकायों में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की गई। इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं, नगरीय अधोसंरचना, निर्माण परियोजनाओं और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
मंत्री जायसवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्वीकृति के बाद भी शुरू नहीं हुए कार्य, मंत्री ने जताई नाराजगी
समीक्षा बैठक में मंत्री ने जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF), नालंदा परिसर, विधायक निधि, नगरोत्थान योजना, सौंदर्यीकरण, गौरव पथ, सीसी रोड निर्माण, कम्पोजिट शेड और वेस्ट टू वैल्यू घटक के तहत स्वीकृत कार्यों की स्थिति की जानकारी ली।
कई कार्यों के अप्रारंभ रहने पर उन्होंने चिंता जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्ययोजना तैयार कर निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए। प्रगतिरत परियोजनाओं को भी निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पूरा करने को कहा।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक परियोजना की नियमित निगरानी होनी चाहिए। निर्माण कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और निर्धारित तकनीकी मापदंडों का पालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।
गर्मी में पेयजल संकट हुआ तो अधिकारियों पर तय होगी जिम्मेदारी
आगामी ग्रीष्मकाल को देखते हुए पेयजल आपूर्ति का मुद्दा बैठक में प्रमुखता से उठा। मंत्री ने अधिकारियों को अभी से आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि गर्मी के दौरान नगरीय निकायों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
उन्होंने एसईसीएल चिरमिरी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) और सभी नगरीय निकायों को आपसी समन्वय से ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा। पेयजल स्रोतों, आपूर्ति व्यवस्था और आवश्यक संसाधनों की समय रहते समीक्षा कर जरूरी कार्य शुरू करने के निर्देश भी दिए गए।
सड़क, नाली और स्वच्छता जैसे मूलभूत कार्यों को मिलेगी प्राथमिकता
नगरीय निकायों की समीक्षा के दौरान पेयजल व्यवस्था, अमृत मिशन, स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सड़क एवं नाली निर्माण, जल निकासी और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों की निकायवार जानकारी ली गई।
मंत्री ने कहा कि विकास योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य आम नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाना है। इसलिए सड़क, नाली, पेयजल और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। नगरीय निकाय अपने क्षेत्रों की जरूरतों के अनुसार कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें।
निर्माण की गुणवत्ता पर सख्ती, नियमित निरीक्षण के निर्देश
लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और नगर एवं ग्राम निवेश सहित विभिन्न विभागों की निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा की गई।
मंत्री जायसवाल ने सड़क, पुल-पुलिया, भवन और पेयजल संरचनाओं के निर्माण में गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।
संबंधित अधिकारियों को निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण करने, तकनीकी परीक्षण सुनिश्चित करने और कार्यों की प्रगति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जिले के स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं, चिकित्सकों की व्यवस्था, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित गतिविधियों की जानकारी ली गई।
इसके साथ ही आयुष्मान भारत योजना और मातृ-शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। मंत्री ने निर्देश दिए कि आम नागरिकों को उपचार और स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई।
मंत्री ने पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने, लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने और विभागीय समन्वय के साथ योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करने की नसीहत
मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि शासन की प्राथमिकता आम नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। सभी अधिकारी जनहित के कार्यों के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह रहें। नियमित समीक्षा और निगरानी के माध्यम से निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा किया जाए।
बैठक में नगर पालिक निगम चिरमिरी के महापौर रामनरेश राय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती यशवंती सिंह, नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव, कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े, अपर कलेक्टर लिंगराज सिदार एवं श्रीमती नम्रता डोंगरे, समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सहित नगरीय निकायों, स्वास्थ्य विभाग और विभिन्न निर्माण विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




पाठकों की टिप्पणियां 0